हथियार तस्करी मामले में फरार आरोपित हिमाचल से गिरफ्तार
नई दिल्ली, 23 मई (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने लंबे समय से फरार चल रहे भगोड़े अपराधी को हिमाचल प्रदेश के मनाली से गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान रोहित के रूप में हुई है। वह आर्म्स एक्ट के एक मामले में भगोड़ा घोषित था। पुलिस के मुताबिक आरोपित के खिलाफ दिल्ली में कुल 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने शनिवार को बताया कि क्राइम ब्रांच की एनआर-1 यूनिट ने यह कार्रवाई हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के ओल्ड मनाली इलाके में की। पुलिस के अनुसार आरोपित पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए दिल्ली छोड़कर हिमाचल प्रदेश में छिपा हुआ था और वहां एक होटल में काम कर रहा था।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्राइम ब्रांच की एनआर-1 टीम लगातार घोषित अपराधियों और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपितों की तलाश में अभियान चला रही थी। इसी कड़ी में एएसआई प्रेम वीर, हेड कांस्टेबल सोनू और हेड कांस्टेबल अमित कौशिक की टीम बनाई गई। पुलिस टीम 20 मई को विभिन्न मामलों में फरार अपराधियों की तलाश और जानकारी जुटाने के लिए आवश्यक अनुमति लेकर निजी वाहन से हिमाचल प्रदेश रवाना हुई थी। टीम कई स्थानों पर दबिश देने और सूचनाएं जुटाने के बाद वापस लौट रही थी। पुलिस उपायुक्त के अनुसार
21 मई की सुबह करीब 10 बजे पुलिस टीम ओल्ड मनाली इलाके में थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि मॉडल टाउन थाने के आर्म्स एक्ट मामले में घोषित भगोड़ा रोहित ओल्ड मनाली के एक होटल में काम कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ओल्ड मनाली स्थित अलूमा कैफे एंड होमस्टे के आसपास जाल बिछाया। कुछ देर की निगरानी के बाद पुलिस ने दबिश देकर आरोपित को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद शुरुआती पूछताछ में आरोपित पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा। पुलिस के अनुसार वह लगातार अपना नाम और पता बदलकर बता रहा था, ताकि पहचान छिपाई जा सके। हालांकि क्राइम ब्रांच टीम की लगातार पूछताछ के बाद उसने अपनी असली पहचान उजागर की। उसने अपना नाम रोहित और पता मॉडल टाउन दिल्ली बताया। जांच में सामने आया कि वह मॉडल टाउन थाने में दर्ज आर्म्स एक्ट के मामले में घोषित अपराधी था। पुलिस ने संबंधित थाने से जानकारी जुटाई तो पुष्टि हुई कि आरोपित लंबे समय से फरार चल रहा था और अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित करार दिया था। पुलिस के मुताबिक आरोपित के खिलाफ मॉडल टाउन थाने में वर्ष 2024 में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। उसी मामले में वह फरार चल रहा था। अदालत में पेश नहीं होने के कारण उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था। क्राइम ब्रांच के अनुसार आरोपित के खिलाफ कुल 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य मामलों की भी समीक्षा कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

