home page

47 आपराधिक मामलों में शामिल बदमाश गिरफ्तार

 | 
47 आपराधिक मामलों में शामिल बदमाश गिरफ्तार


नई दिल्ली, 25 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने आर्म्स एक्ट के एक मामले में फरार चल रहे घोषित भगोड़े अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान 27 वर्षीय प्रदीप उर्फ काके के रूप में हुई है। वह विनोद नगर का रहने वाला है। वह वर्ष 2019 में लक्ष्मी नगर थाने में दर्ज आर्म्स एक्ट के मामले में वह वांछित था और अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित अपराधी करार दिया जा चुका था।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त आदित्य गौतम ने शनिवार को बताया कि वर्ष 2019 में लक्ष्मी नगर थाना पुलिस ने आरोपित को अवैध हथियार (चाकू) के साथ पकड़ा था। उसके खिलाफ एफआईआर संख्या 230/2019 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। जांच के बाद आरोपित को जमानत मिल गई थी, लेकिन वह ट्रायल के दौरान अदालत में पेश नहीं हुआ और फरार हो गया। लगातार गैरहाजिर रहने पर कड़कड़डूमा स्थित जेएमएफसी कोर्ट ने उसे घोषित भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया।

आरोपित की गिरफ्तारी के लिए साउदर्न रेंज क्राइम ब्रांच की टीम को लगाया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपित के ठिकानों की जानकारी जुटाई। कई दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में निगरानी और दबिश के बाद पुलिस ने 24 अप्रैल को वेस्ट विनोद नगर से आरोपित को दबोच लिया।

पूछताछ में सामने आया कि प्रदीप उर्फ काके मंडावली थाने का घोषित बदमाश है और 2017 से लगातार अपराध की दुनिया में सक्रिय है। उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में लूट, झपटमारी, चोरी, वाहन चोरी, सेंधमारी और अवैध हथियार रखने समेत कुल 47 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपित दिल्ली और आसपास के इलाकों में सक्रिय एक आपराधिक नेटवर्क का हिस्सा था तथा गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलता रहता था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी