home page

12 साल से फरार 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

 | 
12 साल से फरार 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार


कानपुर, 20 मार्च (हि.स.)। लूट और गैंगस्टर एक्ट में 12 साल से फरार चल रहे 25 हजार के इनामी बदमाश को क्राइम ब्रांच और काकादेव पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित पहचान छुपा कर सुनौली, महाराजगंज और नेपाल में रहकर फरारी काट रहा था।

पुलिस उपायुक्त मध्य अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रावतपुर गांव निवासी सद्दाम ने साल 2013 में जनपद में हुई कई लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। जिसे लेकर तत्कालीन अधिकारियों ने साल 2014 में आरोपित के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की थी। इसके बाद बदमाश पुलिस की आंख में धूल झोंक कर इधर-उधर फरारी काट रहा था। यही नहीं उस पर 25,000 का इनाम भी घोषित कर दिया गया था। बावजूद इसके पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल रहा था।

जिससे कहीं ना कहीं पुलिस की किरकिरी भी हो रही थी। ऐसे में शातिर को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच को भी इस केस में लगाया गया। तमाम इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का आंकलन किया गया। तभी पुलिस को सूचना मिली कि शातिर अपने घर आया हुआ है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी करते हुए उसे शाही मस्जिद वाली गली रावतपुर गांव से गिरफ्तार कर लिया। वहीं पूछताछ पर शातिर ने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपना हुलिया बदल लिया था और सनौली, महराजगंज और नेपाल में आयोजित होने वाले मेलों में फेरी लगाकर एक आम आदमी की तरह जीवन यापन कर रहा था।

डीसीपी ने बताया कि फिलहाल शातिर को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेजा जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप