home page

खारी बावली में नकली मसालों की फैक्ट्री पर पुलिस का छापा, 801 किलो से ज्यादा मिलावटी मसाले जब्त, एक गिरफ्तार

 | 
खारी बावली में नकली मसालों की फैक्ट्री पर पुलिस का छापा, 801 किलो से ज्यादा मिलावटी मसाले जब्त, एक गिरफ्तार


नई दिल्ली, 26 मई (हि.स.)। उत्तरी जिले के खारी बावली इलाके में चल रहे नकली और मिलावटी मसालों के बड़े कारोबार का क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पुरानी दिल्ली के खारी बावली क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित मसाला निर्माण इकाई पर छापा मारकर भारी मात्रा में मिलावटी मसाले, नकली सामग्री और मसाला तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली मशीनें बरामद की हैं। मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है, जो दिल्ली-एनसीआर में नकली मसालों की सप्लाई कर रहा था।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त संजीव यादव ने मंगलवार काे बताया कि आरोपित की पहचान कमलजीत (31) के रूप में की है। वह दिल्ली के मुकुंदपुर स्थित गुरु नानक देव कॉलोनी का रहने वाला है। आरोपित के खिलाफ क्राइम ब्रांच थाने में एफआईआर नंबर 136/26 दर्ज की गई है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 274, 275, 318(4) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस उपायुक्त के मुताबिक, 23 मई को क्राइम ब्रांच टीम को खारी बावली इलाके में अवैध रूप से नकली मसाले तैयार करने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर अमित सोलंकी के नेतृत्व टीम गठित की गई। टीम ने नई बांस, खारी बावली स्थित एक मकान के ग्राउंड फ्लोर पर छापेमारी की। वहां अवैध रूप से मसाले पीसने और तैयार करने की यूनिट संचालित होती मिली।

हल्दी, मिर्च और गरम मसाले में हो रही थी मिलावट

जांच के दौरान मौके से भारी मात्रा में मिलावटी मसाले, कृत्रिम रंग और नकली मसाले तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल बरामद किया गया। आरोपित ने पूछताछ में बताया कि वह हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, पीली मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, अमचूर पाउडर और गरम मसाले में सस्ती और निम्न गुणवत्ता वाली सामग्री मिलाकर तैयार करता था। पुलिस के अनुसार, मसालों में चावल के टूटे हुए टुकड़े, मिर्च के डंठल, धनिया के सूखे हिस्से, कृत्रिम रंग और अन्य मिलावटी पदार्थ मिलाए जाते थे। इसके बाद तैयार माल को दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न इलाकों में सप्लाई कर अवैध मुनाफा कमाया जाता था। वहीं छापेमारी के दौरान दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने मसालों के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा कानूनों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारी के अनुसार क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई के दौरान करीब 801.88 किलोग्राम सामग्री जब्त की है। इनमें बड़ी मात्रा में मिलावटी लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और पीली मिर्च पाउडर, संदिग्ध कृत्रिम खाद्य रंग, चावल के टूटे दाने, मिर्च के डंठल, धनिया के अवशेष और अन्य मिलावटी पदार्थ, नकली मसाले तैयार करने का कच्चा माल और मसाला पीसने और तैयार करने वाली मशीनें शामिल हैं।

क्राइम ब्रांच ने आरोपित को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से दो दिन की पुलिस रिमांड मिली है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि नकली मसालों का नेटवर्क कहां-कहां तक फैला हुआ है, कौन लोग इसे खरीद रहे थे और इस पूरे रैकेट में और कौन-कौन शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी