home page

दिल्ली में दो करोड़ की ड्रग्स के साथ दो आरोपित गिरफ्तार

 | 
दिल्ली में दो करोड़ की ड्रग्स के साथ दो आरोपित गिरफ्तार


नई दिल्ली, 07 मार्च (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए करीब दो करोड़ रुपये की नशीली दवाएं बरामद कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपायुक्त (एएनटीएफ/क्राइम ब्रांच) संजीव कुमार यादव के मुताबिक गिरफ्तार मुख्य आरोपित की पहचान मोती नगर निवासी सार्थक त्यागी (30) के रूप में हुई है। इसके अलावा उसके सप्लायर अशोक विहार निवासी कुलप्रीत सिंह उर्फ सनी (29) के रूप में हुई है।

पुलिस उपायुक्त यादव ने शनिवार को बताया कि दिल्ली पुलिस के चल रहे एंटी-ड्रग अभियान के तहत एएनटीएफ लगातार ड्रग तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इस बीच रात करीब 10 बजे टीम को गुप्त सूचना मिली कि मोती नगर इलाके में रहने वाला एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल है। सूचना की पुष्टि के बाद एक टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मोती नगर स्थित आरोपित के घर पर छापा मारा और पहली मंजिल पर बने कमरे से सार्थक त्यागी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से कई तरह के मादक और साइकोट्रोपिक पदार्थ बरामद हुए, जिससे संगठित ड्रग तस्करी का खुलासा हुआ।

बरामद नशीले पदार्थों में 1016 ग्राम गांजा, 1112 ग्राम चरस, 17 ग्राम एमडीएमए, 1 ग्राम एक्स्टेसी टैबलेट और 4 ग्राम शरूम्स शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक इन सभी नशीले पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। सभी मादक पदार्थों को एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए जब्त कर लिया गया और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में क्राइम ब्रांच थाने में एफआईआर नंबर 32/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 20, 22 और 25 में मामला दर्ज किया गया है।

पूछताछ के दौरान आरोपित ने खुलासा किया कि वह अंतरराज्यीय नेटवर्क के जरिए अलग-अलग प्रकार के नशीले पदार्थ मंगाकर दिल्ली में सप्लाई करता था। जांच के दौरान पुलिस को उसके एक सप्लायर के बारे में जानकारी मिली। जिसकी पहचान कुलप्रीत सिंह उर्फ सनी के रूप में हुई।

इसके बाद एसआई रोहित के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुलप्रीत सिंह उर्फ सनी को भी दबोच लिया। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रही है।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपित सार्थक त्यागी पेशे से प्रॉपर्टी डीलर है और उसके खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2018 में मोती नगर थाने में हत्या के प्रयास (धारा 307) और वर्ष 2015 में गैर इरादतन हत्या के प्रयास (धारा 308) का मामला दर्ज हो चुका है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि सह-आरोपित कुलप्रीत सिंह उर्फ सनी हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में भी कथित रूप से शामिल रहा है। इसकी जानकारी की पुष्टि की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि ड्रग तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऐसे ऑपरेशन लगातार जारी रहेंगे। इस मामले में आगे की जांच की जा रही है और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी