ड्रग्स तस्करी के मामले में दो आरोपित गिरफ्तार, 60 लाख की चरस बरामद
नई दिल्ली, 03 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने ‘ड्रग्स फ्री दिल्ली’ अभियान के तहत अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.436 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता की चरस बरामद की है। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त संजीव कुमार यादव ने शुक्रवार को बताया कि 19 मार्च को क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि हिमाचल प्रदेश का एक तस्कर दिल्ली में चरस की बड़ी खेप लेकर आने वाला है। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर रॉबिन त्यागी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पहले जीटी करनाल बाइपास स्थित मुकरबा चौक पर जाल बिछाया, लेकिन आरोपित पुलिस की भनक लगते ही वहां से फरार हो गए।
इसके बाद पुलिस टीम ने कश्मीरी गेट आईएसबीटी पर भी निगरानी रखी, लेकिन आरोपित लगातार पुलिस को चकमा देते रहे। आखिरकार पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ने वाले हैं। इस पर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (12908) के जनरल कोच में दबिश दी और ट्रेन छूटने से ठीक पहले दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान ओम चंद उर्फ ओमु और प्यारे सिंह के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से 1.436 किलोग्राम चरस बरामद हुई। पूछताछ में आरोपितों ने खुलासा किया कि यह चरस हिमाचल प्रदेश के कुल्लू से लाई गई थी और इसे मुंबई में सप्लाई किया जाना था, जहां इसकी काफी मांग है।
आरोपितों ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि महाराष्ट्र में हशीश (चरस) की बहुत अधिक मांग है। खासकर पार्टी कार्यक्रमों के लिए। उन्होंने आगे बताया कि उन्हें मुंबईवासियों को यह प्रतिबंधित पदार्थ पहुंचाने का काम सौंपा गया था। बरामद चरस हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के मलाना गांव के रहने वाले नोलू राम से ली गई थी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में मुख्य सप्लायर नोलू राम की तलाश जारी है, जो फिलहाल फरार है। आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से ड्रग्स तस्करी के एक बड़े नेटवर्क को तोड़ने में सफलता मिली है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

