हिमाचल में बम धमाकों की धमकी, सीएम कार्यालय, आर्मी से जुड़े ठिकानों और स्कूलों का जिक्र, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
शिमला, 31 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय, आर्मी से जुड़े ठिकानों और स्कूलों का उल्लेख करते हुए भेजी गई एक धमकी भरी ईमेल के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। ईमेल में 15 अगस्त का जिक्र करते हुए बम धमाकों की धमकी दी गई है। धमकी भरी ईमेल में मुख्यमंत्री कार्यालय के साथ, आर्मी स्टेशन, कैंट क्षेत्र और आर्मी से जुड़े स्कूलों का भी जिक्र किया गया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। साथ ही ईमेल भेजने वाले के स्रोत का भी पता लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार यह ईमेल 29 जुलाई को भेजी गई थी। ईमेल में मुख्यमंत्री कार्यालय का नाम लिखने के साथ आर्मी स्टेशन, कैंट क्षेत्र और सेना से जुड़े स्कूलों का उल्लेख किया गया है। ईमेल में खालिस्तान समर्थक और भड़काऊ सामग्री भी लिखी गई है।
धमकी भरे ईमेल में जून 1984, नवंबर 1984 और 1996 की घटनाओं का जिक्र था। इसमें 15 अगस्त से बदला लेने की चेतावनी दी गई है। 15 अगस्त 2026 तक आर्मी कर्मियों को अपने परिवार बचाने और कैंट छोड़ने को कहा गया है।
धमकी मिलने के बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। साइबर विशेषज्ञ ईमेल के स्रोत, उसे भेजने वाले व्यक्ति और इस्तेमाल किए गए नेटवर्क की जानकारी जुटा रहे हैं। जिन स्थानों का ईमेल में उल्लेख किया गया है, वहां भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।
शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने शुक्रवार को बताया कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के उपलक्ष्य पर राजधानी शिमला में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। धमकी वाली ईमेल के स्रोत को भी खंगाला जा रहा है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्वतंत्रता दिवस से पहले मिली इस ईमेल के बाद सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं।
पुलिस का कहना है कि संवेदनशील सरकारी संस्थानों, सार्वजनिक स्थानों और अन्य महत्वपूर्ण परिसरों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

