शिमला के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, बच्चों को छुट्टी
शिमला, 21 अगस्त (हि.स.)। राजधानी शिमला में शुक्रवार को कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। स्कूलों को यह धमकी ईमेल के जरिए दी गई। धमकी मिलने के बाद कुछ स्कूलों में बच्चों की छुट्टी कर दी गई और पुलिस ने बम निरोधक दस्ते के साथ स्कूल परिसरों की तलाशी की।
जिन स्कूलों को धमकी मिलने की जानकारी सामने आई है, उनमें लक्कड़ बाजार स्थित डीएवी स्कूल, दयानंद पब्लिक स्कूल, डीएवी स्कूल टूटू और सेंट एडवर्ड स्कूल शामिल हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
डीएवी स्कूल प्रबंधन की ओर से शिमला के पुलिस अधीक्षक को भेजे गए ईमेल में बताया गया कि स्कूल के आधिकारिक ईमेल पर एक अज्ञात व्यक्ति की ओर से धमकी भरा संदेश आया है। स्कूल ने पुलिस से मामले में कानून के अनुसार जरूरी कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
इसी तरह सेंट एडवर्ड स्कूल की ओर से भी धमकी वाला ईमेल पुलिस अधीक्षक को भेजा गया। स्कूल की ओर से मिले संदेश में भी शिमला के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।
ईमेल में शिमला के स्कूलों के साथ हिमाचल विधानसभा को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है। संदेश में विधानसभा में भी विस्फोट की धमकी दी गई। धमकी भरे ईमेल में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया और विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर समेत कुछ नेताओं के नाम भी लिखे गए हैं।
धमकी वाले संदेश में खालिस्तान से जुड़े नारे और अलगाववादी भाषा का इस्तेमाल किया गया है। संदेश में कुछ राजनीतिक और ऐतिहासिक घटनाओं का जिक्र करते हुए बदला लेने की धमकी दी गई है। इसमें शिमला में हर दिन धमाका होने की बात भी लिखी गई है।
धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों को बच्चों को घर ले जाने के लिए कहा। कई अभिभावक स्कूल पहुंचे और अपने बच्चों को घर ले गए। स्कूलों के आसपास पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है।
एएसपी शिमला सिटी मेहर पंवर ने धमकी मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बम निरोधक दस्ते की मदद से स्कूलों की जांच की जा रही है। पुलिस धमकी वाले ईमेल की भी जांच कर रही है।
बता दें कि शिमला के स्कूलों को इस तरह की धमकी पहले भी मिल चुकी है। पिछले मामलों में भी धमकी ईमेल के जरिए दी गई थी और सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूल परिसरों की जांच की थी। शुक्रवार को मिली ताजा धमकी के बाद पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित स्थानों की सुरक्षा जांच की।
पुलिस धमकी भेजने वाले व्यक्ति और ईमेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रही है। मामले में जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह धमकी कितनी गंभीर और वास्तविक थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

