कुएं में किशोर और किशोरी के शव मिलने से मचा हड़कंप
अमेठी, 11 अगस्त (हि.स.)।अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के बाहर स्थित एक पुराने कुएं में किशोर और किशोरी के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों के शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था और इसी के चलते दोनों पिछले तीन दिनों से अपने घर से गायब चल रहे थे। दोनों न एक ही गांव के रहने वाले थे। परिजन उनकी तलाश में जुटे थे तभी आज उनकी लाश कुएं में देखी गई । इसके बाद यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि प्रेम प्रसंग के चलते दोनों ने कुएं में कूदकर आत्महत्या की होगी। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। हालांकि पुलिस ने अभी आत्महत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच की जा रही है।
शिवरतनगंज थाने के प्रभारी दयाशंकर मिश्र ने बताया कि परिजनों की तहरीर के अनुसार किशोरी तीन दिन से लापता थी। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। मंगलवार को गांव के बाहर पुराने कुएं में दोनों के शव दिखाई देने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही दोनों की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

