जबलपुर : लार्डगंज पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी गिरोह का किया भंडाफोड़, तीन बदमाश गिरफ्तार
जबलपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में लार्डगंज थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, दो देशी कट्टे, तीन जिंदा कारतूस तथा 3,020 रुपये नकद जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अवैध हथियार एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली अखिलेश गौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लार्डगंज नवल आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्वारीघाट थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के एक मामले में फरार आरोपी जीरो डिग्री क्षेत्र के पास पिस्टल लेकर घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम दीपक जाटव निवासी सुखसागर, ग्वारीघाट बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल, मैगजीन में लोड एक जिंदा कारतूस तथा 1,520 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में दीपक ने बताया कि वह अपने साथी आकाश पटेल और आनंद चौधरी के साथ मिलकर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त का कारोबार करता है। उसने पुलिस को बताया कि करीब दो माह पहले उन्होंने छोटू चौबे नामक व्यक्ति से दो पिस्टल, चार देशी कट्टे और कारतूस खरीदे थे। इनमें से कुछ हथियार पहले ही अज्ञात व्यक्तियों को बेचे जा चुके हैं, जबकि एक पिस्टल और दो कट्टे उसके तथा उसके साथियों के पास थे।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुछ ही देर बाद मौके पर पहुंचे उसके दोनों साथियों आकाश पटेल निवासी दत्त मंदिर के पास, लार्डगंज तथा आनंद चौधरी निवासी चौधरी मोहल्ला, हनुमानताल को भी घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से एक-एक देशी कट्टा, एक-एक जिंदा कारतूस तथा क्रमशः 900 और 600 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल एक पिस्टल, दो देशी कट्टे, तीन जिंदा कारतूस और 3,020 रुपये नकद जब्त किए हैं। आरोपियों के विरुद्ध धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट तथा धारा 111(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी दीपक जाटव के विरुद्ध एक दर्जन से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वह भोपाल में दर्ज हत्या के एक मामले में जमानत पर है तथा ग्वारीघाट थाना क्षेत्र के हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहा था। वहीं, आकाश पटेल के विरुद्ध नौ आपराधिक प्रकरण तथा आनंद चौधरी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के पांच मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक मनोज पुरी गोस्वामी, सहायक उप निरीक्षक राजेश वर्मा, प्रधान आरक्षक हेमराज तथा आरक्षक शुभम पटेल, हुलेश, पंकज और ऋषभ की सराहनीय भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

