home page

जन्मदिन मनाने मैहर पहुंची जबलपुर की 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत

 | 
जन्मदिन मनाने मैहर पहुंची जबलपुर की 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत


जबलपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में सोमवार तड़के एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जबलपुर से अपना 22वां जन्मदिन मनाने दोस्तों के साथ मैहर पहुंची युवती ने यात्री निवास में अचानक दम तोड़ दिया। घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने मामले को और संदिग्ध बना दिया है। फुटेज में एक युवक युवती को बेसुध हालत में अपनी बाहों में उठाकर कमरे से बाहर ले जाते दिखाई दे रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, जबलपुर निवासी 22 वर्षीय युवती अपनी दो सहेलियों और चार दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने मैहर आई थी। सोमवार तड़के करीब 3 बजे सभी कोतवाली थाना क्षेत्र के देवीजी रोड स्थित आस्था यात्री निवास पहुंचे और वहां तीन कमरे बुक कराए। बताया जा रहा है कि यात्री निवास पहुंचने के करीब एक घंटे बाद सुबह 4 बजे एक कमरे में युवती की अचानक तबीयत बिगड़ गई।

इसके बाद उसके साथ मौजूद दोस्त उसे तत्काल मैहर के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया। यात्री निवास के सीसीटीवी फुटेज में एक युवक युवती को अचेत अवस्था में उठाकर कमरे से बाहर ले जाते दिखाई दे रहा है। वहीं रिसेप्शन के पास दो अन्य युवक भी उसे संभालते हुए बाहर ले जाते नजर आ रहे हैं।

युवती की मौत की जानकारी मिलते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया। साथ आए दोस्त बिना पुलिस कार्रवाई के शव जबलपुर ले जाने की जिद करने लगे। इस बात को लेकर अस्पताल परिसर में विवाद की स्थिति बन गई। हालांकि डॉक्टरों ने पुलिस के पहुंचने तक शव सौंपने से इनकार कर दिया।

सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया। इसके बाद पुलिस ने आस्था यात्री निवास पहुंचकर जांच की और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए सीसीटीवी डीवीआर जब्त कर लिया।

फिलहाल युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस उसके साथ मैहर पहुंचे सभी छह दोस्तों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यात्री निवास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक