जबलपुर : अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई के दौरान भगदड़, युवक की नर्मदा में डूबने से मौत
जबलपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ सोमवार को की गई संयुक्त कार्रवाई के दौरान मची भगदड़ में एक युवक की नर्मदा नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान खिरहनी (बरगी) निवासी आकाश बर्मन के रूप में हुई है। घटना गौर चौकी क्षेत्र के जमतरा पुल के पास की है।
जानकारी के अनुसार, अवैध रेत उत्खनन की सूचना पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। टीम को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई युवक नदी की ओर भागने लगे। इसी दौरान आकाश बर्मन संतुलन खो बैठा और नर्मदा नदी में गिर गया। गहराई अधिक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका।
मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने छापेमारी में शामिल टीम पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए हंगामा किया और माइनिंग टीम को घेर लिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि एसडीएम, सीएसपी, माइनिंग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी। घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

