जबलपुरः अवैध उत्खनन कार्रवाई के दौरान युवक की मौत पर ग्रामीणों का चक्काजाम
जबलपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में गत सोमवार को अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान मची भगदड़ में आकाश बर्मन नामक युवक की नर्मदा नदी में डूबने से हुई मौत के मामले ने मंगलवार को तूल पकड़ लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने गौर-एकता मार्केट के पास हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया।
प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत अतिरिक्त मदद दिलाने का लिखित आश्वासन भी दिया गया है। बताया गया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।
उल्लेखनीय है कि गौर चौकी क्षेत्र के जमतरा घाट पर अवैध रेत उत्खनन की सूचना मिलने पर एसडीएम के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम पुलिस बल के साथ कार्रवाई के लिए पहुंची थी। टीम को देखते ही मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और कुछ युवक नदी की ओर भागने लगे। इसी दौरान आकाश बर्मन नदी में गिर गया और गहराई में चले जाने के कारण उसकी मौत हो गई।
हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि युवक को जानबूझकर नदी में धक्का दिया गया, जिससे उनकी नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया। प्रशासन ने मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

