home page

जबलपुरः समझौते के बहाने बुलाकर युवक पर हमला, पिस्टल की बट से सिर फोड़ा; भाजपा पार्षद के बेटे पर आरोप

 | 
जबलपुरः समझौते के बहाने बुलाकर युवक पर हमला, पिस्टल की बट से सिर फोड़ा; भाजपा पार्षद के बेटे पर आरोप


जबलपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कांचघर इलाके में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। जेठी अस्पताल के पास रात करीब एक बजे कौशल नामक युवक को कथित तौर पर समझौते के बहाने बुलाया गया और फिर पिस्टल की बट से उसके सिर पर हमला कर दिया गया। घायल ने इस घटना में भाजपा पार्षद लवलीन आनंद के बेटे राजवीर आनंद और उसके साथियों पर आरोप लगाए हैं।

घायल कौशल के मुताबिक, राजवीर आनंद के साथ उसका पिछले कुछ महीनों से विवाद चल रहा था। राजवीर ने समझौता करने की बात कहकर फोन किया और उसे कांचघर क्षेत्र में बुलाया। वहां पहुंचने पर राजवीर और उसके साथियों ने उसे जबरन कार में बैठाने की कोशिश की। विरोध करने पर तीन-चार युवकों ने उसे पकड़ लिया और पिस्टल की बट से सिर पर वार कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

सिर में गंभीर चोट लगने से खून से लथपथ कौशल किसी तरह सिविल लाइन थाने पहुंचा। उसका आरोप है कि थाने में मौजूद पुलिसकर्मी मनोहर पटेल ने तत्काल मेडिकल परीक्षण कराने के बजाय उसे करीब चार घंटे तक बैठाए रखा। सुबह लगभग 3:30 बजे उसे घर छोड़ दिया गया। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने सिर में गंभीर चोट होने की पुष्टि करते हुए टांके लगाए।

घटना के करीब 15 घंटे बाद तक पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने और घायल के बयान नहीं लिए जाने का आरोप भी लगाया गया है।

कौशल का दावा है कि हमले के दौरान राजवीर के साथ उसकी गर्लफ्रेंड भी मौजूद थी। उसने घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपे हैं। घायल का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की। उसके मुताबिक, पुलिसकर्मी मनोहर पटेल उसे लेकर घटनास्थल पर भी पहुंचे थे और जांच के बाद उसे घर छोड़ दिया था।

सिविल लाइन थाना प्रभारी शशि धुर्वे ने बताया कि घायल कौशल थाने आया था। उसकी शिकायत सुनी गई और उसे मेडिकल परीक्षण कराने के लिए कहा गया था, लेकिन वह घर चला गया। टीआई के मुताबिक, घायल की हालत खतरे से बाहर है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक