जबलपुरः कटंगी में एक सप्ताह में दूसरी लाश मिलने से सनसनी, नाले में मिला 65 वर्षीय व्यक्ति का शव
जबलपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के कटंगी थाना क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
कटंगी के समीप बगीचा कुंडा क्षेत्र में खेतों के बीच बहने वाले नाले में गुरुवार को करीब 65 वर्षीय व्यक्ति का शव तैरता मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाकर उसकी पहचान के प्रयास शुरू किए।
जानकारी के अनुसार बगीचा कुंडा के पास निदान की ओर से आने वाला पानी खेतों से होकर एक नाले में बहता है। इसी नाले में ग्रामीणों ने एक व्यक्ति का शव तैरता देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल कटंगी पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया।
प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र करीब 65 वर्ष बताई जा रही है। हालांकि अभी तक उसकी आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ ही मृतक की पहचान के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।
जांच के दौरान पुलिस को महाराष्ट्र के एक थाने में दर्ज गुमशुदगी की जानकारी भी मिली है। बताया जा रहा है कि गुमशुदा व्यक्ति के हुलिए और शव से संबंधित कुछ जानकारियां आपस में मेल खा रही हैं। इसके बाद कटंगी पुलिस ने शव की फोटो संबंधित थाने को भेजी है, ताकि संभावित पहचान की पुष्टि की जा सके।
फिलहाल पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि नाले से मिला शव महाराष्ट्र से लापता व्यक्ति का ही है या नहीं। पहचान की पुष्टि के बाद ही मामले की आगे की स्थिति साफ होगी। पुलिस शव की पहचान के साथ उसकी मौत के कारणों की भी जांच कर रही है।
एक सप्ताह के भीतर कटंगी थाना क्षेत्र में दूसरी बार शव मिलने की घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अब पुलिस की जांच और मृतक की पहचान की पुष्टि के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर सामने आएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

