जबलपुर बैंक डकैती: सोना खपाने वाला एक और आरोपी गिरफ्तार, 350 ग्राम सोना और पिस्टल बरामद
जबलपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर
जिले के खितौला थाना क्षेत्र स्थित ईसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में हुई करोड़ों रुपये की डकैती के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है।
सोमवार को पुलिस ने बताया कि डकैती में लूटे गए सोने को बेचने और छिपाकर रखने में मदद करने वाले आरोपी छोटू उर्फ सरमन मेहतो निवासी ग्राम मयरा, थाना इमामगंज, जिला गया (बिहार) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 350 ग्राम सोने के जेवरात, जिनकी कीमत लगभग 60 लाख रुपये बताई जा रही है, तथा घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम बोर की देशी पिस्टल बरामद की है।
गौरतलब है कि 11 अगस्त 2025 को खितौला स्थित ईसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में पांच हथियारबंद बदमाशों ने घुसकर कर्मचारियों को भयभीत करते हुए करीब 14 किलो 800 ग्राम सोने के जेवरात और लगभग 5 लाख रुपये नकद लूट लिए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक जबलपुर जोन प्रमोद वर्मा, पुलिस उपमहानिरीक्षक जबलपुर रेंज अतुल सिंह तथा पुलिस अधीक्षक जबलपुर संपत उपाध्याय स्वयं मौके पर पहुंचे थे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष निर्देश दिए थे। साथ ही अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई थी।
मामले की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेंद्र सिंह, एसडीओपी सिहोरा आदित्य सिंघारिया, डीएसपी क्राइम उदयभान बागरी और उप पुलिस अधीक्षक साइबर सेल अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच और जिला पुलिस की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने 15 जुलाई 2026 को बैंक डकैती के मुख्य आरोपी सुनील पासवान, निवासी आमस थाना क्षेत्र, जिला गया (बिहार) को गिरफ्तार किया था।
पुलिस रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में सुनील पासवान ने खुलासा किया कि डकैती के बाद उसके हिस्से में आए सोने के आभूषणों को बेचने में छोटू उर्फ सरमन मेहतो ने उसकी मदद की थी। साथ ही कुछ सोना अभी भी उसके पास सुरक्षित रखा हुआ था।
इसके बाद खितौला थाना प्रभारी चंद्रकांत झा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिहार एसटीएफ की सहायता से शेरघाटी, जिला गया में दबिश देकर छोटू मेहतो को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने लूटे गए सोने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उसकी निशानदेही और आरोपी सुनील पासवान से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 350 ग्राम सोने के जेवर बरामद किए।
वहीं सुनील पासवान के कब्जे से डकैती में इस्तेमाल की गई देशी पिस्टल भी जब्त की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर जबलपुर लाया है और मामले में आगे की पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डकैती के लूटे गए सोने की बरामदगी और उसे खपाने वाले आरोपी की गिरफ्तारी में क्राइम ब्रांच एवं खितौला पुलिस की संयुक्त टीम की भूमिका सराहनीय रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

