home page

जबलपुर: पुरानी रंजिश में युवक का अपहरण कर मारपीट, दो आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

 | 
जबलपुर: पुरानी रंजिश में युवक का अपहरण कर मारपीट, दो आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार


जबलपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के चरगवां थाना क्षेत्र में सोमवार की रात पुरानी रंजिश के चलते युवक का अपहरण कर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को चंद घंटों में गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल सफेद बुलेरो, बेसबॉल का डंडा और चाइना चाकू जब्त किया गया है। दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

दोस्तों के साथ बैठा था युवक, तभी पहुंचे आरोपी

पुलिस के अनुसार, ग्राम सेमरा निवासी प्रकाश गौड़ (33) ने चरगवां थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि साहिल भुमिया और अन्नू उसके घर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उसका भाई अरविंद गौड़ (27) भूरा गौड़ के घर के सामने दोस्तों के साथ बैठा था। इसी दौरान ग्राम गंगई निवासी राजा सेन और महेंद्र झारिया सफेद बुलेरो से पहुंचे और अरविंद को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए।

काफी तलाश के बाद भी अरविंद का पता नहीं चला। परिजनों ने आशंका जताई कि आरोपियों ने उसे किसी अज्ञात स्थान पर बंधक बना रखा है। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 340/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 140(3) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

हिनौतिया ले जाकर की मारपीट

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चरगवां सरोजनी चौकसे के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

पुलिस ने नाकेबंदी कर युवक की तलाश शुरू की। इसी दौरान अरविंद पैदल मिला। पूछताछ में उसने बताया कि वह रात में दोस्तों के साथ बैठा था, तभी महेंद्र झारिया और राजा सेन दो अन्य युवकों के साथ बुलेरो से पहुंचे। पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने के बाद उसे जबरन गाड़ी में बैठा लिया।

अरविंद के अनुसार, आरोपियों ने बुलेरो में उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद उसे बरेला क्षेत्र के हिनौतिया ले जाया गया, जहां महेंद्र ने बेसबॉल के डंडे से और दो अन्य युवकों ने हाथ-मुक्कों से हमला किया। राजा सेन चाकू दिखाकर उसे धमकाता रहा। मारपीट के बाद आरोपी उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए।

मुखबिर की सूचना पर बुलेरो सहित दो आरोपी गिरफ्तार

आरोपियों की तलाश के दौरान सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि सफेद बुलेरो खोखा रोड स्थित नहर के पास खड़ी है और उसमें दो लोग बैठे हैं। टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान राजा सेन (23), निवासी ग्राम गंगई और महेंद्र उर्फ गोलू झारिया (32), निवासी ग्राम सेमरा, थाना चरगवां के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, दोनों ने दो अन्य युवकों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया।

पुलिस ने बुलेरो, बेसबॉल का डंडा और चाइना चाकू जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। फरार दो आरोपियों की तलाश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक