home page

जबलपुरः कटनी में थाने परिसर में खुद को आग लगाने वाले दलपत पटेल की इलाज के दौरान मौत

 | 
जबलपुरः कटनी में थाने परिसर में खुद को आग लगाने वाले दलपत पटेल की इलाज के दौरान मौत


जबलपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के कुठला थाना परिसर में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले दलपत पटेल की शनिवार को जबलपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में जबलपुर रेफर किया गया था।

मामले में मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, इंद्रनगर क्षेत्र में सितंबर में हुई चोरी के मामले की जांच चल रही थी। मामले में आरोपी लाला निषाद को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि दलपत पटेल का बेटा मोहित पटेल जेल में बंद था।

गुरुवार को कुठला पुलिस मोहित को न्यायालय से पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ के लिए थाने लाई थी।

पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार मोहित और उसकी मां ने चोरी के जेवर एक सुनार के यहां बेचने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने संबंधित सुनार की दुकान और आसपास के क्षेत्र में जांच की।

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सुनार की दुकान पर दलपत पटेल की पत्नी की मौजूदगी के प्रमाण मिले। महिला ने पुलिस को बताया था कि चोरी के कुछ जेवर उसके पति दलपत शुक्रवार को लेकर आएंगे।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को दलपत पटेल कुठला थाने पहुंचे। इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए जबलपुर रेफर किया गया, जहां शनिवार को उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद दलपत पटेल के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके बेटे महेंद्र पटेल का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने ही उनके पिता को आग लगाई थी। महेंद्र के मुताबिक, घटना के बाद गंभीर रूप से झुलसे पिता ने बताया था कि थाने में पुलिसकर्मियों ने उनके साथ ऐसा किया।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली।

कटनी एसपी अभिनय विश्वकर्मा के मुताबिक, इंद्रनगर चोरी के मामले में रिमांड पर लिए गए मोहित और उसकी मां से पूछताछ के आधार पर सुनार की दुकान पर जांच की गई थी। वहां महिला की मौजूदगी की पुष्टि होने की बात सामने आई थी। महिला ने पुलिस को बताया था कि उसके पति शुक्रवार को शेष जेवर लेकर आएंगे।

एसपी ने कहा कि शुक्रवार को दलपत पटेल के थाने पहुंचने के बाद उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया। परिजनों द्वारा पुलिस पर लगाए गए आरोपों समेत पूरे मामले की गहन और निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक