home page

जबलपुर-बरेला-मंडला मार्ग पर पेट्रोल पंप में हथियारबंद बदमाशों की डकैती, नकदी लूटी

 | 
जबलपुर-बरेला-मंडला मार्ग पर पेट्रोल पंप में हथियारबंद बदमाशों की डकैती, नकदी लूटी


जबलपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में बरेला-मंडला मुख्य मार्ग स्थित अतुलित फिलिंग स्टेशन (हिंदुस्तान पेट्रोलियम) पर सोमवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो-एन से पहुंचे करीब आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने कट्टे और धारदार हथियारों के बल पर कर्मचारियों को धमकाया और करीब 93 हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, पेट्रोल पंप विजय नगर निवासी अखिलेश कुमार यादव का है। वारदात के समय कर्मचारी लखन सोयाम और अभिषेक पटेल नाइट ड्यूटी पर तैनात थे। रविवार सोमवार दरमियानी रात करीब 2:37 बजे डार्क ब्लू रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन पेट्रोल पंप पर आकर रुकी। वाहन के शीशों पर ब्लैक फिल्म लगी थी, जबकि पीछे की नंबर प्लेट कपड़े से ढकी हुई थी।

गाड़ी रुकते ही उसमें से छह से सात नकाबपोश बदमाश हथियार लेकर नीचे उतरे। बदमाशों को देखकर कर्मचारी अभिषेक पटेल बाउंड्री वॉल कूदकर मौके से भाग गया। इसके बाद बदमाशों ने कर्मचारी लखन सोयाम को कट्टा अड़ाकर उसकी जेब से 9,400 रुपये निकाल लिए। बदमाशों ने पेट्रोल पंप के ऑफिस के कांच के दरवाजे का लॉक तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दराज में रखे नकदी के दो पैकेट, जिनमें क्रमश: 49,170 और 35,305 रुपये थे, लूट लिए।

घटना बीजाडांडी थाना क्षेत्र की मनेरी पुलिस चौकी अंतर्गत मढ़ी गांव के पास हुई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी निरीक्षक शशांक शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। वारदात से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें नकाबपोश बदमाश वारदात के बाद स्कॉर्पियो से तेजी से फरार होते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस मुख्य मार्ग सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक