home page

दो पक्षों के बीच चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदला, ट्रिपल हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैली

 | 
दो पक्षों के बीच चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदला, ट्रिपल हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैली


बीकानेर, 16 जुलाई (हि.स.)। जिले के छतरगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को दो पक्षों के बीच चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आपसी समझौते के लिए बुलाई गई खारवाली की सुरजनवाली में पंचायत के दौरान ही दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते धारदार चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। हमले में पिता-पुत्र सहित तीन जने की मौत हो गई। जबकि मामा घायल हो गया है, जिसका उपचार जारी है। भरी पंचायत के बीच हुए इस ट्रिपल हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि गांव में दहशत और तनाव का माहौल बन गया। इस घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।

पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि मामले में चार लाेगाें काे डिटेन किया गया है। घटनाक्रम का मुख्य कारण स्पष्ट नहीं है। पकड़े गए लोगों से पूछताछ में हत्या के अलग-अलग कारण सामने आ रहे हैं। यह भी मालूम किया जा रहा है कि हत्या सुनियोजित तरीके से की गई या अचानक ही आपसी विवाद में हुई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था।इसी विवाद को समाप्त करने के उद्देश्य से गांव के पंच-पटेलों की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई थी। बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने चाकुओं से हमला बोल दिया।हमले में तीन लोगों 60 वर्षीय अली शेर,55 वर्षीय जिंदू पुत्र याकूब व 25 वर्षीय करीम पुत्र जिंदू की मौत हो गई।वहीं 35 वर्षीय नब्बू खां घायल हो गया।मृतकों में जिंदू व करीम पिता पुत्र थे। मरने वालों में एक नब्बू खां का बहनोई और एक भांजा है।

घटना की सूचना मिलते ही छतरगढ़ थानाधिकारी नवनीत सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव में दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद को समाप्त करने के लिए पंचायत बुलाई गई थी। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि बातचीत से समाधान निकल जाएगा, लेकिन कुछ ही देर में माहौल गरमा गया और विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।बताया जा रहा है कि पुलिस ने एक आरोपी को राउंडअप किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव