home page

पंचायत चुनाव के बीच महिला उम्मीदवार पर हमला, एफआईआर

 | 
पंचायत चुनाव के बीच महिला उम्मीदवार पर हमला, एफआईआर


शिमला, 16 मई (हि.स.)। शिमला जिला के सुन्नी थाना क्षेत्र में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया के बीच एक महिला उम्मीदवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार 48 वर्षीय सुषमा देवी पत्नी प्रेम कुमार निवासी गांव टिक्कर, डाकघर दुर्गापुर, तहसील और थाना सुन्नी ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उन्होंने नालदेहरा पंचायत में प्रधान पद के लिए 7 मई को नामांकन दाखिल किया था। इसके अलावा उन्होंने 8 मई को बीडीसी पद के लिए भी नामांकन भरा था, जिसे उन्होंने 15 मई को वापस ले लिया।

सुषमा देवी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार दोपहर वह घर पर काम कर रहे राजमिस्त्री को खाना देने आई थीं। इसके बाद करीब 2 बजकर 40 मिनट पर वह प्रधान पद के लिए दाखिल नामांकन वापस लेने पंचायत घर नालदेहरा जा रही थीं।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह घर से करीब 100 मीटर दूर दुर्गापुर की ओर रास्ते में बने टैंक के पास पहुंचीं, तभी झाड़ियों की तरफ से दो लोग बाहर आए। दोनों ने चेहरे पर गमछा बांधा हुआ था और नीले रंग के प्लास्टिक के जूते पहने थे।

महिला के अनुसार दोनों लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया और गर्दन व कंधों से पकड़कर मारपीट की। धक्का देने से वह जमीन पर गिर गईं और बेहोश हो गईं।

उन्होंने बताया कि करीब साढ़े तीन बजे उन्हें गांव बरोग निवासी योग राज का फोन आया, जिसके बाद उन्हें होश आया। इसके बाद उन्होंने योग राज को घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में योग राज मौके पर पहुंचे और उन्हें मशोबरा अस्पताल ले जाया गया।

महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उनसे कोई सामान, गहने या पैसे नहीं छीने, बल्कि केवल डराने की कोशिश की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 126(2), 115(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा