स्कूली छात्रा से छेड़खानी, पत्थर से किया हमला, आरोपी काबू
शिमला, 22 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी शिमला के संजौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक नाबालिग स्कूली छात्रा के साथ छेड़खानी और मारपीट का शर्मनाक मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले के अनुसार नाबालिग छात्रा जब स्कूल से अपने घर की ओर जा रही थी, तभी रास्ते में एक मनचले युवक ने उसे रोक लिया। शिकायत के अनुसार युवक नशे की हालत में था। आरोपी ने न केवल छात्रा के साथ छेड़खानी की, बल्कि विरोध करने पर उसे पत्थर मारकर चोटिल भी कर दिया। इसके बाद घायल छात्रा को आई.जी.एम.सी. शिमला में उपचार भी दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही संजौली थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को डिटेन कर लिया है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न धाराओं के तहत जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता नाबालिग है, इसलिए नियमानुसार उसकी सुरक्षा और गोपनीयता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। मामले की कानूनी प्रक्रिया के तहत छात्रा के बयान अदालत में दर्ज करवाए जाएंगे, जिससे आरोपी के खिलाफ सख्त साक्ष्य जुटाए जा सकें। नशे की हालत में महिलाओं या नाबालिगों के साथ इस तरह के अपराधों पर पुलिस सख्त रुख अपना रही है। स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में नशेड़ियों के खिलाफ कड़ी गश्त की मांग की है और युवक द्वारा किए गए इस कृत्य की कड़ी भर्त्सना की है।
एस.एस.पी. शिमला गौरव सिंह ने कहा कि इस मामले के कई पहलू सामने आए है और पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। पीड़ित के बयान कोर्ट में दर्ज होंगे और उसके बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

