पुरानी रंजिश में युवक को बाइक पर अगवा कर चाकू से हमला, दो गिरफ्तार
नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तर पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को बाइक पर अगवा कर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। आरोपितों ने युवक को पहले बाइक पर बैठाकर ब्रह्मपुरी की गली में ले गए। वहां तीनों ने मिलकर उस पर चाकू और धारदार हथियार से कई वार किए। घायल युवक की गर्दन, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आईं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पेपर कटर बरामद कर लिया है। तीसरा आरोपित अभी फरार है।
पुलिस के मुताबिक, घायल असलम (22) 19 नवंबर की रात करीब 1:30 बजे वह जाफराबाद में राशिद बिरयानी के पास मौजूद था। इसी दौरान बाइक पर अब्बास उर्फ छम्मिया, समीर उर्फ बब्बू और शाकिर वहां पहुंचे। तीनों असलम को पहले से जानते थे। आरोप है कि उन्होंने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। अब्बास ने करीब डेढ़ साल पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए धमकी दी। उसका आरोप था कि असलम ने पहले उस पर ब्लेड से हमला किया था।
असलम ने वहां से भागने की कोशिश की तो तीनों ने उसे पकड़ लिया। अब्बास ने उसकी गर्दन पर चाकू लगा दिया, जबकि बाकी दोनों उसे जबरन बाइक पर बैठाकर ब्रह्मपुरी की गली में ले गए। वहां तीनों ने उस पर हमला कर दिया। कई वार लगने से असलम गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।
घायल किसी अज्ञात दोपहिया वाहन चालक की मदद से जग प्रवेश चंद्र अस्पताल पहुंचा। वहां से उसे आगे के इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल स्थानांतरित किया गया। पुलिस ने 19 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएचओ राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए 20 नवंबर को मोहम्मद अब्बास उर्फ छम्मिया (26) को गिरफ्तार किया। इसके बाद 22 नवंबर को समीर (23) को भी दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल पेपर कटर बरामद किया है। दोनों आरोपितों का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। पुलिस अब फरार तीसरे आरोपित शाकिर की तलाश कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

