शिमला : शांति भंग करने वाले चार हुड़दंगी गिरफ्तार
शिमला, 04 मई (हि.स.)। शिमला जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सतर्क नजर आ रही है। इसी कड़ी में कोटखाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने निवारक कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बीती रात की गई, जब पुलिस को सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका लगी।
पुलिस के अनुसार इन चारों व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126/170 के तहत कार्रवाई की गई। यह धाराएं उन मामलों में लागू होती हैं, जहां किसी व्यक्ति से शांति भंग होने या कानून-व्यवस्था बिगड़ने का खतरा होता है।
एसएसपी गौरव सिंह ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तारी की पूरी प्रक्रिया कानून के मुताबिक पूरी की गई और आरोपियों के परिजनों को भी इसकी सूचना दे दी गई।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए सभी लोगों को आज अदालत में पेश किया जा रहा है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई होगी। पुलिस का कहना है कि इस तरह की निवारक कार्रवाई का मकसद किसी भी संभावित अप्रिय घटना को पहले ही रोकना है।
जिला पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर संयमित व्यवहार रखें और शांति बनाए रखने में सहयोग करें। साथ ही पुलिस ने साफ किया है कि अनुशासनहीनता या शांति भंग करने की किसी भी कोशिश के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

