मणिकर्ण घाटी में 962 ग्राम चरस के साथ 3 गिरफ्तार
कुल्लू, 18 मार्च (हि.स.)। देवभूमि कुल्लू की मणिकर्ण घाटी में नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने गश्त के दौरान एक व्यक्ति को भारी मात्रा में चरस के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद की गई चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों में आंकी जा रही है।
नशा तस्करी का मामला उस दौरान सामने आया जब पुलिस चौकी जरी की टीम द्वारा डुंखरा चौक पर पर नाकाबन्दी के दौरान एक गाड़ी न० आरजे 60-सीएच - 2951 को जांच के लिए रोका, चैकिंग के दौरान गाड़ी में सवार तीन युवकों के कब्जे से 962 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने नशे की खेप गाड़ी को कब्जे में लेकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस संदर्भ में पुलिस थाना मनिकर्ण में तीनों आरोपियों उदित शर्मा (26), कुशल अवस्थी (22), ऋत्विक जागेद निवासी जयपुर राजस्थान के विरुद्ध धारा 20 व 29 मादक पदार्थ अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है । नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जा रही है । बरामद नशे के स्रोत, सप्लाई चेन एवं नेटवर्क की पहचान हेतु तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है तथा मामले में विस्तृत अनुसंधान जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह

