कुल्लू में 890 ग्राम चरस के साथ युवक गिरफ्तार
कुल्लू, 08 अप्रैल (हि.स.)। एसटीएफ ने चरस तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह मामला उस समय सामने आया जब एसटीएफ की टीम मंगलवार देर शाम मंडी के बिंद्राबनी फोरलेन के पास नाका लगाकर जांच कर रही थी।
जांच के दौरान चंडीगढ़ की ओर जा रही वॉल्वो बस (नंबर डीडी10वाई-9603) को रोका गया। बस में सवार एक युवक पुलिस टीम को देखकर घबरा गया, जिस पर संदेह होने पर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 890 ग्राम चरस बरामद की गई।
एसटीएफ कुल्लू के डीएसपी हेमराज वर्मा ने बताया कि आरोपी की पहचान शक्ति शर्मा (27), पुत्र जगदीश चंद, निवासी डंगार, तहसील घुमारवीं जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई के लिए मामला पुलिस चौकी पंडोह को सौंप दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह

