home page

दिल्ली के चार स्पा सेंटरों पर छापेमारी

 | 

नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली में मसाज और स्पा सेंटर की आड़ में कथित तौर पर देह व्यापार कराने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने गुरुवार को पहाड़गंज, करोल बाग और नबी करीम इलाके के चार स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान 29 महिलाओं को बचाया गया जबकि स्पा संचालकों, मैनेजरों, रिसेप्शनिस्ट और ग्राहकों समेत 15 लोगों को गिरफ्तार तथा हिरासत में लिया गया।

पुलिस के मुताबिक चारों स्पा सेंटरों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) (आईटीपी) अधिनियम की धाराओं में चार प्राथमिकी दर्ज की गई। स्पा सेंटरों में अवैध गतिविधियां चलने की सूचना मिली थी। इसके बाद संबंधित थानों की टीमों ने डिकॉय कस्टमर (नकली ग्राहक) तैयार किए। पुलिसकर्मी ग्राहक बनकर स्पा सेंटरों में पहुंचे और अतिरिक्त सेवाओं के नाम पर कथित देह व्यापार की गतिविधियों की पुष्टि की। इसके बाद टीमों ने एक साथ छापेमारी की।

पहली कार्रवाई नबी करीम इलाके के राम नगर स्थित ‘ए-वन स्पा एंड सैलून’ में हुई। यहां डिकॉय कस्टमर बनकर पहुंचे पुलिसकर्मी ने कथित गतिविधियों की पुष्टि की। छापेमारी के दौरान छह महिलाओं को रेस्क्यू कराया गया और स्पा के मालिक, सह-मालिक, मैनेजर समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में आईटीपी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके अलावा परिसर के मालिक के खिलाफ बीएनएस की धारा 223ए के तहत भी केस दर्ज किया गया है।

दूसरी कार्रवाई पहाड़गंज के मुख्य बाजार स्थित ‘आर्गेनिक स्पा’ में हुई। यहां मैनेजर संप्रिता झा (38) मसाज सेवाओं की आड़ में ग्राहकों को अतिरिक्त सेवाएं उपलब्ध करा रही थी। छापेमारी में तीन महिलाओं को बचाया गया। मौके से पांच हजार रुपये, एक रजिस्टर और पेन बरामद किया गया। मैनेजर को हिरासत में लेकर पाबंद किया गया है। स्पा का लाइसेंस रविता रमन झा के नाम पर जारी हुआ था।

करोल बाग के डब्ल्यूईए इलाके में पुलिस ने दो स्पा सेंटरों पर कार्रवाई की। पहली रेड पंजाब स्वीट्स के पास स्थित ‘मौर्या स्पा’ में की गई। यहां डिकॉय कस्टमर बने पुलिसकर्मी ने 1500 रुपये एडवांस देकर अतिरिक्त सेवा की मांग की। इसके बाद पुलिस ने छापा मारा। यहां से 10 महिलाओं को उनके चंगुल से मुक्त कराया गया। दो मैनेजर सुभंकर और निधि सोनी समेत चार ग्राहकों प्रदीप शर्मा, आयुष माहेश्वरी, मानव सोनी और गगन कैलाशनंद प्रजापति को पकड़ा गया।

वहीं, टैंक रोड स्थित ‘हेरीटेज स्पा’ में डिकॉय कस्टमर ने एक हजार रुपये नकद और एक हजार रुपये ऑनलाइन देकर कथित गतिविधियों की पुष्टि की। छापेमारी में 10 महिलाओं को बचाया गया। पुलिस ने वहां के रिसेप्शनिस्ट-कम-मैनेजर सूरज (20) को पकड़ा। दोनों मामलों में करोल बाग थाने में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस ने पटेल नगर के ईस्ट पटेल नगर स्थित ‘द पैलेस स्पा’ और ‘द गैलेक्सी स्पा’ में भी जांच की। यहां काम करने वाले कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था। इस लापरवाही पर दोनों स्पा के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 223 (ए) के तहत दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस ने छापेमारी के दौरान नकदी, ग्राहकों के रजिस्टर, कंडोम, लाइसेंस से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं। पुलिस अब उनके जाल से मुक्त कराई गई महिलाओं के बयान दर्ज करने के साथ पकड़े गए लोगों की भूमिका और इस गतिविधि से जुड़े अन्य लोगों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी