सोने की चेन खींचने वाले फरार दो बदमाश राजस्थान से गिरफ्तार
नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली स्थित नजफगढ़ में सड़क किनारे खड़ी महिला के गले से सोने की चेन खींचकर फरार हुए दो बदमाशों को द्वारका जिला पुलिस ने राजस्थान के खाटू श्याम जी से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों में एक के खिलाफ पहले से 66 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके साथी पर भी 16 आपराधिक मामलों में संलिप्तता रही है। पुलिस ने दोनों के पास से वारदात में इस्तेमाल टीवीएस एनटॉर्क स्कूटर और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपितों की पहचान 24 वर्षीय राजन सोनी उर्फ भोला और 22 वर्षीय हर्ष उर्फ अक्षय के रूप में हुई है। राजन विष्णु गार्डन, ख्याला का रहने वाला है जबकि हर्ष बेगम बाग, केशोपुर मंडी में रहता है। दोनों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि दो नवंबर को नजफगढ़ इलाके में एक महिला सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान टीवीएस एनटॉर्क स्कूटर पर सवार दो बदमाश आए और उसके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। इस मामले में नजफगढ़ थाने में प्राथमिकी के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान करने में जुटी थी।
जांच के दौरान 17 नवंबर को एंटी पीओ और जेल बेल सेल की टीम जय विहार इलाके में सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मुखबिर ने पुलिस को बताया कि वारदात में शामिल दोनों आरोपित राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर के पास एक होटल में ठहरे हुए हैं। सूचना पर इंस्पेक्टर हरीश कुमार के नेतृत्व में टीम राजस्थान पहुंची। होटल में दो संदिग्ध मिले। सीसीटीवी फुटेज दिखाकर पूछताछ करने पर उनकी पहचान राजन और हर्ष के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, दोनों ने चेन स्नैचिंग की वारदात में शामिल होना कबूल किया।
पुलिस के मुताबिक, राजन पर पहले से 66 मामले दर्ज हैं। इनमें 36 झपटमारी, 20 चोरी, सात आर्म्स एक्ट और एक लूट का मामला शामिल है। वहीं, हर्ष पर झपटमारी और चोरी समेत कुल 16 मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर अन्य वारदातों में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

