क्रिप्टोकरेंसी के खरीदार बनकर पांच लाख की ठगी, राजस्थान से चार गिरफ्तार
नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। क्रिप्टोकरेंसी खरीदने के नाम पर कारोबारियों से ठगी करने वाले एक संगठित साइबर गिरोह का दक्षिण-पश्चिम जिले की साइबर थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गिरोह के चार सदस्यों को राजस्थान के अलवर और जयपुर से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 1.62 लाख रुपये नकद, 11 मोबाइल फोन, एक आईपैड, एक वाई-फाई राउटर और छह सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। आरोपितों ने एक क्रिप्टोकरेंसी कारोबारी के खाते से 4,985 यूएसडीटी (करीब पांच लाख रुपये) निकाल लिए थे। पुलिस ने ठगी की पूरी रकम शिकायतकर्ता को वापस करा दी है।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता क्रिप्टोकरेंसी खरीदने-बेचने का कारोबार करता है। छह जून को उसने बाइनेंस पी2पी प्लेटफॉर्म पर यूएसडीटी बेचने के लिए ऑर्डर डाला था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने खरीदार बनकर उससे संपर्क किया। बातचीत के लिए उसे वॉट्सऐप पर बुला लिया। इसके बाद आरोपित ने उसे एक फिशिंग लिंक भेजा। लिंक के जरिए क्रिप्टो वॉलेट तक पहुंच हासिल कर आरोपितों ने उसके खाते से 4,985 यूएसडीटी ट्रांसफर कर लिए। इस संबंध में दो जुलाई को साइबर थाने में धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में ई-एफआईआर दर्ज की गई। आरोपितों में अतुल मीणा (21), जगमोहन मीणा (19), नरेंद्र कुमार मीणा (22) और मनीष मीणा (24) हैं।
मामले की जांच के लिए साइबर थाना पुलिस की टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), इंटरनेट प्रोटोकॉल डिटेल रिकॉर्ड (आईपीडीआर) और वॉट्सऐप नंबरों का विश्लेषण करने पर अलवर, राजस्थान से संचालित गिरोह का पता चला। पुलिस ने सबसे पहले अलवर में अतुल मीणा के ठिकाने पर छापा मारा। वहां से 1.62 लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, एक आईपैड, जियो वाई-फाई राउटर और पांच सिम कार्ड बरामद किए गए।
इसके बाद पुलिस टीम ने जयपुर में छापेमारी कर जगमोहन, नरेंद्र और मनीष को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से आठ मोबाइल फोन मिले। पूछताछ में तीनों ने बताया कि वे अतुल के साथ मिलकर कमीशन के आधार पर काम करते थे। उन्होंने ही क्रिप्टोकरेंसी बेचने वाले कारोबारियों की जानकारी अतुल तक पहुंचाई थी। बाद में पुलिस ने लगातार दबिश देकर फरार चल रहे अतुल को दिल्ली के धौलाकुआं के पास से गिरफ्तार कर लिया।
जांच में गिरोह के काम करने का तरीका सामने आया। आरोपित राजस्थान के अलवर के आसपास के गांवों से युवकों को कमीशन और मुनाफे का लालच देकर अपने साथ जोड़ते थे। ये युवक इंस्टाग्राम पर विज्ञापन डालकर बाइनेंस खाते किराये पर लेते थे। इसके अलावा सिम कार्ड लेकर वॉट्सऐप और इंस्टाग्राम खाते भी बनाते थे। ऑनलाइन विज्ञापनों के जरिए यूएसडीटी बेचने वाले लोगों को तलाशते थे।
जैसे ही कोई कारोबारी यूएसडीटी बेचने के लिए संपर्क करता, ये युवक उसका मोबाइल नंबर अतुल को दे देते थे। अतुल खुद को खरीदार बताकर कारोबारी से वॉट्सऐप पर बातचीत करता और उसे फिशिंग लिंक भेजकर क्रिप्टो वॉलेट तक पहुंच हासिल कर लेता था। इसके बाद वॉलेट में मौजूद पूरी क्रिप्टोकरेंसी अपने नियंत्रण वाले खातों में ट्रांसफर कर लेता था।
पुलिस के मुताबिक अतुल इस गिरोह का मुख्य संचालक था। वह ठगी के लिए इस्तेमाल होने वाले वॉट्सऐप नंबर और क्रिप्टो वॉलेट का संचालन करता था। पुलिस अब आरोपियों के ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड की जांच करने के साथ ही उन एक्सचेंज खातों और वॉलेट को सुरक्षित कराने की कार्रवाई कर रही है, जिनका इस्तेमाल ठगी की रकम ट्रांसफर करने में हुआ था। मामले की जांच जारी है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

