हरियाणा के मेवात से पकड़ा गया एटीएम लूट का आरोपित
नई दिल्ली, 27 नवम्बर (हि.स.)। दिल्ली में एटीएम से 19.10 लाख रुपये लूटने और आर्म्स एक्ट के मामले में भगोड़ा घोषित आरोपी को क्राइम ब्रांच ने हरियाणा के नूंह-मेवात से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान बाजितपुर, फिरोजपुर झिरका निवासी राहुल खान (30) के रूप में हुई है। वह दिल्ली के दो मामलों में अदालत से भगोड़ा घोषित था। राहुल का नाम दिल्ली के अलावा शिलॉन्ग और गुवाहाटी में एटीएम लूट की तीन अन्य वारदात में भी सामने आया है। पुलिस को उसकी पांच एटीएम लूट की वारदातों में तलाश थी।
क्राइम ब्रांच को राहुल के अंतरराज्यीय आपराधिक नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी मिली थी। हालांकि, शुरुआती सूचना की पुष्टि नहीं हो सकी थी। इसके बाद पुलिस टीम तीन महीने से अधिक समय तक उसकी गतिविधियों और ठिकाने की जानकारी जुटाती रही। तकनीकी निगरानी और मुखबिर की मदद से पता चला कि वह नूंह-मेवात में रह रहा है। पुलिस ने उसके घर के आसपास निगरानी बढ़ाई और 26 नवंबर को उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने बताया कि मार्च 2026 में मेघालय उनकी टीम भी राहुल को पकड़ने नूंह पहुंची थी। इस दौरान उसके समर्थकों ने कथित तौर पर भीड़ जुटाकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया और आरोपित को छुड़ाने की कोशिश की। हालात बिगड़ने पर पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए कई राउंड फायरिंग करनी पड़ी थी। इस दौरान एक हमलावर को गोली लगी थी।
राहुल डाबड़ी थाने में दर्ज 19.10 लाख रुपये की एटीएम लूट के मामले में 11 सितंबर 2025 को और द्वारका नॉर्थ थाने के आर्म्स एक्ट केस में 5 अगस्त 2026 को भगोड़ा घोषित हुआ था। उसके खिलाफ स्पेशल सेल में भी आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है। पुलिस अब शिलॉन्ग और गुवाहाटी पुलिस से संपर्क कर वहां दर्ज मामलों में उसकी भूमिका की पुष्टि कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

