home page

नासिक में 20 लाख की रिश्वत लेते दो जीएसटी अधिकारी समेत तीन गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 07 मार्च (हि.स.)। एंटी-करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की मुंबई टीम ने स्टेट टैक्स डिपार्टमेंट के दो अधिकारियों सहित तीन लोगों को २० लाख रुपये रिश्वत लेते हुए नासिक स्थित पाथर्डी से गिरफ्तार किया है। इस मामले की गहन छानबीन जारी है।

एसीबी मुंबई के सहायक पुलिस आयुक्त विजय चव्हाण ने शनिवार को बताया कि स्टेट टैक्स डिप्टी कमिश्नर सोमनाथ दत्तू पेज (47), असिस्टेंट स्टेट टैक्स कमिश्नर मच्छिंद्र डोंडे (55) और अन्य व्यक्ति अमित हीरामन जाधव ( 36) को पाथर्डी में स्थित वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) ऑफिस से गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता व्यवसाई का जीएसटी फाइल क्लियर करने के लिए इन तीनों ने सवा करोड़ रुपये की मांग की थी। बाद में यह समझौता एक करोड़ रुपये में तय हुआ। इसके तहत रिश्वत की पहली किश्त २० लाख रुपये तय की गई। यह पहली किश्त शुक्रवार शाम को देना तय हुआ। इसके बाद जाधव ने इस मामले की शिकायत मुंबई एसीबी ऑफिस में की। इसके बाद मुंबई एसीबी की टीम ने शुक्रवार देर शाम नासिक के पाथर्डी में इन अधिकारियों को २० लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। एसीबी ने नासिक में पाथर्डी स्थित जीएसटी ऑफिस की भी तलाशी ली। तलाशी के दौरान रिश्वतखोर अधिकारी के ऑफिस में दो लाख रुपये कैश मिले। इस मामले की गहन छानबीन की जा रही है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव