home page

शिमला : भांजे की हत्या के बाद परिवार सहित फरार आरोपी गिरफ्तार

 | 

शिमला, 02 मार्च (हि.स.)। जिला शिमला के ठियोग क्षेत्र में अपने ही भांजे की हत्या कर परिवार सहित फरार हुए आरोपी सुरेश (नेपाली) को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को शरमला पंचायत के गांव शर्मठू में दबिश देकर पकड़ा गया। मामले की जांच जारी है।

पुलिस थाना ठियोग में इस संबंध में दिनांक 28 फरवरी 2026 को धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कथित तौर पर शराब के नशे में और पुरानी रंजिश के चलते अपने भांजे धनी राम की हत्या की।

यह मामला ग्राम जराई निवासी जगदीश के बयान पर दर्ज हुआ। जगदीश कृषि एवं बागवानी का काम करते हैं और उन्होंने अपने बाग में बने डेरे के दो कमरों में काम के लिए एक नेपाली परिवार को ठहराया था। इस परिवार में सुरेश, उसकी पत्नी, तीन बेटियां, दो बेटे और भांजा धनी राम रह रहे थे।

जगदीश के अनुसार 28 फरवरी की सुबह जब वह डेरे पर पहुंचे तो दोनों कमरे बंद मिले और कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। जांच करने पर पहला कमरा खाली मिला, जबकि दूसरे कमरे में धनी राम फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ा था और उसकी सांस नहीं चल रही थी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम एसएफएसएल जुंगा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उप पुलिस अधीक्षक ठियोग ने भी मौके का दौरा किया। पुलिस ने घटनास्थल से भौतिक और डिजिटल साक्ष्य कब्जे में लेकर विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया।

जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई और संदिग्ध का विवरण मीडिया के माध्यम से प्रसारित किया गया। तीन अलग-अलग टीमें आरोपी की तलाश में लगाई गईं।

खुफिया सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी सुरेश शरमला पंचायत के गांव शर्मठू में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

अब तक की जांच में पुलिस का कहना है कि आरोपी ने एक कृषि उपकरण को हथियार के रूप में इस्तेमाल कर धनी राम की निर्मम हत्या की। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और फरार रहने के दौरान आरोपी की गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने कहा है कि मामले में आगे की जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा