शिमला : गाली-गलौज और मारपीट के दो मामले, एफआईआर
शिमला, 04 फ़रवरी (हि.स.)। शिमला जिले के कोटखाई थाना क्षेत्र में गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस सम्बंध में शिकायत जोले गांव निवासी रजीन पुत्र ओम दत्त ने दर्ज करवाई है। शिकायत में कहा गया है कि 2 फरवरी को मनु नाम के युवक ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि आरोपी ने कहा कि अगर दोबारा दिखे तो जान से मार देगा।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उनकी पत्नी के लिए भी बेहद अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया, जिससे पूरे परिवार को मानसिक रूप से गहरा आघात पहुंचा है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 79, 351 (2), 352 में मामला दर्ज कर लिया है और कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
युवक से मारपीट, कई लोगों पर एफआईआर
इस बीच, कोटखाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत बाघी पुलिस चौकी इलाके में मारपीट और जान से मारने की धमकी का एक और मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता दिक्षित पुर्ता पुत्र बृज लाल पुर्ता, निवासी ठारोला, जिला शिमला ने बताया कि 2 फरवरी की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच छोल नामक स्थान पर निखिल लेप्टा और उसके 8 से 10 साथियों ने उसके साथ मारपीट की। इस हमले में उसे चोटें आईं और आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 191(2), 190, 115(2), 351(2) के तहत केस दर्ज किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

