तीन हरियाणवियों से मिला चरस और अफीम का जखीरा, मंडी पुलिस ने निजी बस से दबोचे आरोपी
मंडी, 18 जुलाई (हि.स.)। मंडी पुलिस को नशे का बहुत बड़ा जखीरा हाथ लगा है। इस मामले में तीन हरियाणवी जवान दबोचे गए हैं और उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि शुक्रवार बीती शाम जब एक निजी बस एचपी 53 डी-9077 जो केलंग मनाली से मंडी होकर धर्मशाला रूट पर जा रही थी तो उसे मंडी सदर थाना की टीम ने मंडी के पास बिंदरावणी शिल्हाकीपड़ में रोक कर चेक किया। बस की चेकिंग के दौरान ये तीनों लोग जिनकी पहचान अनिल कुमार उर्फ काला, कृष्ण कुमार तथा अमित कुमार जो सभी हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले हैं, घबरा गए।
पुलिस की टीम ने जब इनकी तलाशी ली तो इनके पास से 5 किलो 535 ग्राम चरस व 568 ग्राम अफीम बरामद हुई। तीनों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया तथा अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड हासिल कर लिया गया है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि नशे की इतनी बड़ी खेप ये तस्कर कहां से लाए थे, किससे खरीदी थी तथा इनका क्या किसी नेटवर्क के साथ संबंध है और यह माल कहां जाकर बेचा जाना था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मंडी पुलिस की यह नशे के खिलाफ बहुत बड़ी उपलब्धि है। नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इसके खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

