home page

मंडी पुलिस ने रिवालसर में 80वर्षीय बौद्ध भिक्षुणी की हत्या के आरोप में हिरासत में लिए तीन युवा

 | 
मंडी पुलिस ने रिवालसर में 80वर्षीय बौद्ध भिक्षुणी की हत्या के आरोप में हिरासत में लिए तीन युवा


मंडी, 03 अप्रैल (हि.स.)। मंडी जिला के रिवालसर स्थित सरकीधार में पदम संभव गुफा में रहने वाली अस्सी साल की बौद्ध भिक्षुणी की हत्या के आरोप में पुलिस ने तीन युवाओं का हिरासत में लिया है। जिनमें से एक युवा गगन शर्मा जो सरकीधार निवासी बताया जा रहा है, उसकी दादी बौद्ध भिक्षुणी के यहां दूध छोड़ने जाती थी।

एसपी मंडी विनोद कुमार ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि बीते तीन मार्च रिवालसर की सरकीधार में स्थित गुरूपदम संभव गुफा में रहने वाली अस्सी वर्षीय बौद्ध भिक्षुणी की हत्या की सूचना पुलिस को मिली। उन्होंने बताया कि वे स्वयं भी मौके पर पहुंचे तो वहां पर भारी मात्रा में रक्त गिरा हुआ था। जिससे यह अंदाजा लगाया गया कि हत्या किसी तेजधार हथियार से की गई।

उन्होंने बताया कि मौक पर सीसीटीवी न होने की वजह से यह ब्लांड मर्डर पुलिस के लिए भारी चुनौती था। पुलिस ने बल्ह की ओर जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी खंगाले। उसी के आधार पर पहले डीएसपी दिनेश कुमार की अध्यक्षता में जांच टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने चंडीगढ़, मोहाली और बिलासपुर में दबिश दी। इसके पश्चात एएसपी अभिमन्यु वर्मा को इस टीम की कमान सौंपी गई।

पुलिस ने मोहाइल सर्विलांस के आधार पर एक आरोपी सरकीधार निवासी गगन शर्मा को कुल्लू जिला के कसोल में हिरासत में लिया। उससे पूछताछ के आधार पर दो अन्य आरोपियों गौरव शर्मा सेरला खाबू और विशाल को मझयाटल से हिरासत में लिया है। तीनों की उम्र बीस से तेईस साल के बीच बताई जा रही है।

एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर उनका पुलिस रिमांड लिया जाएगा। इसके पश्चात उनसे पूछताछ की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभी तक वारदात में उपयाेग किए गए हथियार भी बरामद किए जाने हैं। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान इस बात का भी पता लगाया जाएगा कि इन तीनों के अलावा कोई और व्यक्ति इसमें शामिल तो नहीं है।

उन्होंने बताया कि सरकीधार निवासी युवक गगन की दादी रोज गुफा में बौद्ध भिक्षुणी के लिए दूध छोड़ने जाती थी। गुफा में बौद्ध अनुयायियों द्वारा पैसे चढ़ाये जाते हैं। संभवत: यह मर्डर लूट के इरादे से किया गया हो सकता है। अन्य बातों का खुलासा पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ से हो पाएगा। इस अवसर पर एएसपी अभिमन्यु वर्मा भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा