मंडी के पधर में युवक के साथ मारपीट, मौत ,मृतक अजय, मंडी में ले रहा था कोचिंग
मंडी, 06 सितंबर (हि.स.)। मंडी जिले के पधर उपमंडल के गवाली कस्बे में शनिवार देर रात हुई वारदात में 32 वर्षीय युवक अजय कुमार की मौत हो गई। रेस्तरां में भोजन करने के बाद सोने के लिए नीचे जा रहे अजय का बैग रेस्तरां में छूट गया । बैग लेने वापस लौटने के दौरान वहां मौजूद तीन युवकों ने कथित तौर पर उसका रास्ता रोक लिया और रौब जमाते हुए उसके साथ मारपीट की।
आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने अजय के गुप्तांग पर जोरदार प्रहार किया। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए गए अजय की रविवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गुप्तांग में गंभीर चोट और भारी सूजन सामने आने की जानकारी मिली है। मामले में पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अजय कुमार शनिवार को हिमरीगंगा मेले में गया था। मेला देखने के बाद वह गवाली स्थित अपनी बुआ के घर पहुंचा। बुआ के मकान की ऊपरी मंजिल रेस्तरां के लिए किराये पर दी गई है, जबकि परिवार नीचे रहता है। रात करीब 12 बजे अजय अपने बुआ के बेटे दिनेश कुमार के साथ रेस्तरां में भोजन करने गया था। पुलिस के अनुसार मारपीट के बाद अजय की तबीयत बिगड़ने लगी। दिनेश कुमार ने फोन कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद अजय को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पधर पहुंचाया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जोनल अस्पताल मंडी रेफर कर दिया। मंडी में उपचार के दौरान अजय ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए नेरचौक मेडिकल कालेज भेजा। मृतक की पहचान अजय कुमार पुत्र शेर सिंह निवासी रोपा, तहसील पधर के रूप में हुई है। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने साहिल निवासी नौहली, नवीन निवासी चमाह पधर और आदित्य ठाकुर निवासी कटिपरी पधर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 और 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने रेस्तरां संचालक राजेश कुमार के बयान भी दर्ज किए हैं। घटना के साक्ष्य जुटाने के लिए आरएफएसएल टीम ने रेस्टोरेंट और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया है। अजय कुमार अविवाहित था और मंडी में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह उसे वापस मंडी लौटना था, लेकिन इससे पहले ही देर रात हुई इस वारदात के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना पधर प्रभारी एसआई अनिल कुमार मामले की जांच कर रहे हैं।
डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को मध्यनजर रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

