चलती कार से आई युवक की बचाओ-बचाओ आवाज,अपहरण की आशंका पर पीछे दौड़ी पुलिस
मुरादाबाद, 05 अगस्त (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना छजलैट क्षेत्र के कांठ रोड पर बुधवार को एक चलती कार से युवक की बचाओ-बचाओ की आवाज सुनाई देने से हड़कंप मच गया। पुलिस को कार से किसी के अपहरण की सूचना मिली। सूचना मिलते ही छजलैट पुलिस ने कार का पीछा शुरू किया। साथ ही पूरे जिले में नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू कराई। करीब पांच घंटे की तलाश के बाद संदिग्ध ब्रेजा कार थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के आशियाना इलाके में लावारिस हालत में बरामद हुई।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि छजलैट की ओर एक कार बुधवार सुबह में सिविल लाइंस की ओर आई थी। कार में मिली आईडी व अन्य कागजात को सघन जांच पड़ताल की जा रही है।
उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह करीब 10 बजे शेरुआ चौराहे से कांठ की ओर जा रही ब्रेजा कार में चार से पांच युवक सवार थे। इसी दौरान कार के अंदर से एक युवक लगातार बचाओ-बचाओ चिल्ला रहा था। कार के भीतर छीना-झपटी जैसी स्थिति भी दिखाई दे रही थी। कार के साथ चल रहे एक बाइक सवार ने घटनाक्रम देखकर तत्काल छजलैट क्षेत्र के एक सिपाही को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सिपाही ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन वापस मोड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने पीछा शुरू कर दिया और मामले की जानकारी थानाध्यक्ष व उच्चाधिकारियों को दी गई। पुलिस ने जिलेभर में हाईवे और संपर्क मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। साथ ही कांठ रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी। लगातार पीछा करने के दौरान पुलिस सिविल लाइंस क्षेत्र तक पहुंच गई। यहां आशियाना इलाके में कार खड़ी मिली, लेकिन उसमें कोई भी सवार नहीं मिला और सभी युवक फरार हो चुके थे। जांच में सामने आया कि कार पर एक झंडा लगा हुआ था और युवक कांवड़ियों के वेश में सफर कर रहे थे।
पंजीकरण नंबर के आधार पर पुलिस मालिक तक पहुंची
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि कार के पंजीकरण नंबर के आधार पर पुलिस मालिक तक पहुंची। पूछताछ में उसने बताया कि वह कार पहले ही कटघर क्षेत्र की पीतल बस्ती निवासी एक व्यक्ति को बेच चुका है। इसके बाद पुलिस संबंधित व्यक्ति की तलाश में पहुंची, लेकिन वह भी नहीं मिला। सीसीटीवी फुटेज की जांच में अगवानपुर के पास कुछ युवक कार से झंडा उतारते हुए दिखाई दिए। पुलिस का मानना है कि ये वही संदिग्ध हो सकते हैं। फिलहाल कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस अपहरण या आपसी विवाद की गुत्थी सुलझाने में लगी हुई है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

