शकरपुर में चोरी करने के मामले में एक आरोपित गिरफ्तार
नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली पुलिस ने शकरपुर में घर में घुसकर सोने-चांदी के गहने और मोबाइल चोरी करने के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित राज हलदर के पास से चोरी किए गए तीन पीली धातु के हार, करीब तीन जोड़ी बालियां और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं। इस मामले में उसका एक साथी अभी फरार है। उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक शकरपुर निवासी राहुल कुमार ने शिकायत दी थी कि 8-9 नवंबर की दरमियानी रात करीब 2-3 बजे के बीच कुछ आरोपित घर में घुसकर सोने-चांदी के गहने और सैमसंग मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गए। शिकायत पर नौ नवंबर को शकरपुर थाने में ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें दो संदिग्धों की पहचान हुई। इनमें से एक ने वारदात के समय काली जैकेट पहनी हुई थी। सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 20 नवंबर को राज हलदर को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से सीसीटीवी में दिख रही काली जैकेट भी बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपित ने अपने एक साथी के साथ मिलकर चोरी करने की बात स्वीकारी। पुलिस ने एक दिन की रिमांड के दौरान उसकी निशानदेही पर चोरी के तीन पीली धातु के हार (एक टूटा हुआ) और तीन जोड़ी तथा एक बाली बरामद की। आरोपित को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसको न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपित पहले भी नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस अधिनियम (एनडीपीएस) के एक मामले में शामिल रहा है। फरार साथी की गिरफ्तारी और चोरी के बाकी सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

