home page

अनूपपुर: अवैध पशु तस्करी पर कार्रवाई, पिकअप में ठूंसकर ले जाए जा रहे 6 भैंसे बरामद, तस्कर फरार

 | 
अनूपपुर: अवैध पशु तस्करी पर कार्रवाई, पिकअप में ठूंसकर ले जाए जा रहे 6 भैंसे बरामद, तस्कर फरार


अनूपपुर: अवैध पशु तस्करी पर कार्रवाई, पिकअप में ठूंसकर ले जाए जा रहे 6 भैंसे बरामद, तस्कर फरार


अनूपपुर, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के थाना जैतहरी अंतर्गत वेंकटनगर पुलिस ने अवैध पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 भैंसों और एक पिकअप वाहन सहित (करीब 10 लाख रुपये) जब्त किया है। मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक मोती उर्र रहमान के निर्देशन में जिले में अवैध पशु तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की अनुसार 25 मार्च की रात गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भेलमा निवासी ललन राठौर अपने घर की बाड़ी में एक पिकअप वाहन में भैंसों को बेरहमी से ठूंस-ठूंस कर भर रहा है और उन्हें बाहर ले जाकर कटवाने की तैयारी में है। सूचना पर वेंकटनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि पिकअप वाहन एमपी 65 जेडडी 1715 में दो भैंसे रस्सियों से कसकर बांधी गई थीं, जिससे वे हिल-डुल भी नहीं पा रही थीं और सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। वहीं चार अन्य भैंसे पास में बंधी थीं, जिन्हें वाहन में लोड करने की तैयारी थी। सभी पशुओं के लिए चारा-पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी। पुलिस के पहुंचते ही ललन राठौर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने पहचान लिया।

पुलिस ने 6 भैंस और एक पिकअप वाहन जब्त कर ललन राठौर एवं वाहन चालक/मालिक के विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(घ)(ड़) एवं मध्यप्रदेश कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 6, 6(क), 6(ख)(1), 10 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी वेंकटनगर उप निरीक्षक प्रवीण कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक सुरेश कुमार अहिरवार, प्रधान आरक्षक सुजीत सिंह एवं आरक्षक सोनू पर्ते की भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला