अनूपपुर: रात के अंधेरे में नशे पर प्रहार 211 किलो 21.19 लाख रुपये का गांजा जब्त, चालक फरार
अनूपपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुरुवार-शुक्रवार की रात ग्राम अचलपुर के पास एक कार से 211 किलो 99 ग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 21 लाख 19 हजार 900 रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त कार, एक मोबाइल फोन और पर्स भी जब्त किया है। पुलिस को देखकर कार चालक अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर भाग गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
एसडीओपी पुष्पराजगढ़ दीपक सिंह मरावी ने बताया कि जिले में पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के नेतृत्व में नशे के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान राजेंद्रग्राम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो कार तेज गति से अमगवां की ओर से राजेंद्रग्राम की तरफ आ रही हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार बरकरे के नेतृत्व में पुलिस ने ग्राम अचलपुर के पास कार क्रमांक सीजी 18 सीए 9735 को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर कार चालक अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों की ओर भाग गया। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया।
21.19 लाख रुपये का गांजा जब्त
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें से कुल 211 किलो 99 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के साथ कार, एक मोबाइल फोन और पर्स जब्त कर लिया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 21 लाख 19 हजार 900 रुपये आंकी गई है। मामले में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस फरार आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में एसडीओपी पुष्पराजगढ़ दीपक सिंह मरावी, थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार बरकरे, सहायक उपनिरीक्षक दीपचंद बर्मन, अवधलाल अहिरवार एवं आनंद प्रकाश बेक, प्रधान आरक्षक धीरज तिलगाम तथा आरक्षक प्रवीण अचाले, राकेश कुमार, मोती सिंह, रविशंकर मरावी, पारस जामोद, दोलू मईढा और महिला आरक्षक रितु अहिरवार शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

