home page

जांजगीर-चांपा में अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, पिता-पुत्र गिरफ्तार

 | 
जांजगीर-चांपा में अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, पिता-पुत्र गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 29 अक्टूबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुलमुला थाना पुलिस ने ईको कार से अवैध कच्ची महुआ शराब का परिवहन करते पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 50 लीटर कच्ची महुआ शराब और तस्करी में इस्तेमाल ईको वाहन जब्त किया गया है। दोनों आरोपितों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आज उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम कोसा सबरिया डेरा में अवैध महुआ शराब की बिक्री और परिवहन की सूचना लगातार मिल रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम ने कोसा सबरिया डेरा पुल के पास घेराबंदी कर संदिग्ध ईको वाहन क्रमांक CG 11 BT 1680 को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 50 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर शराब और वाहन जब्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान तुलसी गोंड (40 वर्ष) और उसके पुत्र अजय गोंड (18 वर्ष 2 माह) के रूप में हुई है। दोनों ग्राम कोसा सबरिया डेरा, थाना मुलमुला के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त शराब की कीमत 1 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि तुलसी गोंड के खिलाफ मुलमुला थाने में पहले से छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें आबकारी एक्ट के तीन और मारपीट के तीन प्रकरण शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवानंद सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक रितेश परमार, सहायक उपनिरीक्षक हेमलाल महिलांगे, प्रधान आरक्षक अनिल अजगल्ले सहित आरक्षक राजेश कश्यप, रामगोपाल भारती, सनोहर जगत और ओमप्रकाश डहरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT