home page

ऑपरेशन आघात में जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 520 किलो गांजा जब्त

 | 
ऑपरेशन आघात में जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 520 किलो गांजा जब्त


ऑपरेशन आघात में जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 520 किलो गांजा जब्त


ऑपरेशन आघात में जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 520 किलो गांजा जब्त


जशपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ छत्तीसगढ़ की जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में कुल 520 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये बताई गई है।

वर्ष कार्रवाई के दौरान एक महिला सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जबकि गांजा तस्करी में प्रयुक्त तीन वाहनों को भी जब्त किया गया है। वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये है। इस तरह पुलिस ने करीब 3 करोड़ रुपये की कुल जब्ती की है।

पुलिस के अनुसार, थाना कुनकुरी क्षेत्र में दो अलग-अलग कार्रवाई में कुल 494 किलो गांजा बरामद किया गया। 27 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे रात्रि गश्त के दौरान तपकरा की ओर से आ रही बिना नंबर की सोल्ड बोलेरो पिकअप की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसे थाना परिसर के सामने रोककर तलाशी ली। वाहन की डाला में सब्जियों की ट्रे के नीचे छिपाकर रखी छह बोरियों से पीले टेप में लिपटे 120 पैकेट मिले। जांच में इनमें करीब 246 किलो गांजा बरामद हुआ।

वाहन में सवार अनवर अंसारी (45वर्ष ), निवासी रोहतास, बिहार और दिनेश कुमार केसरी (26वर्ष ), निवासी कैमूर, बिहार को हिरासत में लिया गया। इसी दौरान सामने से तेज गति से गुजर रही बिना नंबर की सोल्ड सेल्टोस कार पर पुलिस को संदेह हुआ। पीछा करने पर चालक सालियाटोली के पास वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। तलाशी में कार से 20 बैगों में रखे 120 पैकेटों में करीब 248 किलो गांजा मिला। फरार चालक की तलाश जारी है।

इधर, थाना नारायणपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नारायणपुर चौक में घेराबंदी कर एमपी-33सी-5625 नंबर की स्विफ्ट डिजायर को रोका। कार की डिक्की से 17 पैकेटों में करीब 26 किलो गांजा बरामद हुआ। मौके से कमल किशोर ओझा (56वर्ष ) और अनिता सोनी (35वर्ष ), दोनों निवासी शिवपुरी, मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों द्वारा गांजा ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब गांजे के सप्लायर, प्राप्तकर्ता और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर