667 ग्राम चरस के साथ जम्मू कश्मीर के दो युवक गिरफ्तार
कुल्लू, 13 अप्रैल (हि.स.)। घाटी में पुलिस द्वारा चरस तस्करी के मामले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी जम्मू कश्मीर के निवासी हैं।
नशा तस्करी का मामला सोमवार को उस दौरान सामने आया जब पुलिस चौकी ज़री की टीम डुंखरा चौक में नाका पर मौजूद थी। इस दौरान पुलिस ने एक बाइक (एचपी 66ए-8167) को चैकिंग हेतु रोका । चैकिंग के दौरान बाइक पर सावार जम्मू कश्मीर के दो युवकों के कब्जे से कुल 667 ग्राम चरस बरामद की गई।
एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि आरोपीयों की पहचान अब्बास अली (26) पुत्र सादिक अली निवासी गांव गोहलाद डाकघर मेंढर तहसील मेंढर जिला पुंछ जम्मू और कश्मीर व अदनान अहमद खान (21) पुत्र मोहम्मद रियाज खान गांव चक बनोला डा0 छत्रल तहसील मेंढर जिला पुंछ जम्मू और कश्मीर के रूप में हुई है।
उन्होंने कहा इस संदर्भ में पुलिस थाना मणिकर्ण में दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 20, 25 व 29 मादक पदार्थ अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है । बरामद नशे के स्रोत, सप्लाई चेन एवं नेटवर्क की पहचान हेतु दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है तथा मामले में विस्तृत अनुसंधान जारी है ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह

