home page

हिमाचल प्रदेश के चम्बा में नवरात्र में गोवंश हत्या का मामला, चार आरोपी गिरफ्तार

 | 
हिमाचल प्रदेश के चम्बा में नवरात्र में गोवंश हत्या का मामला, चार आरोपी गिरफ्तार


शिमला, 16 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र के दौरान हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में गोवंश हत्या की आशंका से उपजे तनाव के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला सिल्लाघ्राट क्षेत्र के जलेदा जंगल में गोवंश के अवशेष मिलने से जुड़ा है। इस घटना के विरोध में चंबा बाजार बंद रहा था और विभिन्न हिन्दू संगठनों ने प्रदर्शन कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई थी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) चंबा दिनेश शर्मा ने चार आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने शुक्रवार को बताया कि सभी आरोपी सिल्लाघ्राट क्षेत्र के रहने वाले हैं और उन्हें आज अदालत में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम ने थाना प्रभारी सदर चंबा निरीक्षक रमन चौधरी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की।

जंगल में मिले थे गोवंश के अवशेष, दो दिन बाद जताई गई हत्या की आशंका

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार 12 अक्तूबर को छपरी गांव के निवासी टेक चंद पुत्र जगदेव ने जलेदा जंगल में गोवंश के अवशेष देखे थे। उन्होंने इसकी सूचना घघरोता पंचायत के उपप्रधान अमरो को दी। इसके बाद उपप्रधान टेक चंद के साथ देर शाम घटनास्थल पर पहुंचे।

उपप्रधान के बयान के मुताबिक मौके पर गोवंश का सिर धड़ से अलग पड़ा था और धड़ पर मांस भी पूरा नहीं था। वहां लकड़ी का एक टोका भी पड़ा हुआ था। रात का अंधेरा होने के कारण वे यह स्पष्ट नहीं कर पाए कि गोवंश को किसी व्यक्ति ने मारा था या किसी जंगली जानवर ने उसका शिकार किया था। इसके बाद दोनों घर लौट गए।

13 अक्तूबर को उपप्रधान और टेक चंद कुछ अन्य ग्रामीणों के साथ दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे। इस बार गोवंश का सिर वहां नहीं था, जबकि खाल और पूंछ पड़ी हुई थी। इसके बाद उन्हें गोवंश की हत्या किए जाने की आशंका हुई और पुलिस को सूचना दी गई।

गिरफ्तारी से पहले तनाव, बुधवार को बंद रहा था चंबा बाजार

घटना की सूचना फैलने के बाद सिल्लाघ्राट क्षेत्र में ग्रामीणों में रोष फैल गया था। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, ग्रामीणों के बयान दर्ज किए और अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना के विरोध में बुधवार को चंबा शहर में ज़ोरदार प्रदर्शन हुआ था। मेडिकल स्टोर को छोड़कर बाजार की अन्य दुकानें बंद रही थीं। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय के मुख्य चौक पर एकत्रित होकर नारेबाजी की और सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से मामले में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की थी।

ग्रामीणों और प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया था कि नवरात्र के दौरान धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से यह वारदात की गई। हालांकि, इस आरोप की पुष्टि जांच से ही हो सकेगी।

पुलिस जांच के बाद चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले की जांच के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एएसपी दिनेश शर्मा के मुताबिक अब उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा