यमुनानगर:गोकशी प्रकरण में वांछित आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा
यमुनानगर, 07 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर के थाना प्रतापनगर पुलिस ने गोकशी के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार काे बताया कि थाना प्रतापनगर पुलिस टीम ने गोकशी के मामले में गांव बांबेपुर निवासी आबिद को गिरफ्तार किया है, जो इस प्रकरण में लंबे समय से वांछित चल रहा था। थाना प्रभारी गुरदयाल सिंह ने बताया कि 25 फरवरी को थाना प्रतापनगर में हरियाणा गोवंश संरक्षण एवं गोसंवर्धन अधिनियम के तहत गोकशी का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग क्षेत्र में अवैध रूप से गोवंश की कटाई कर मांस की सप्लाई करने का कार्य कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। इससे पहले जांच के दौरान पुलिस टीम ने पहले नागल पट्टी निवासी अमीर हुसैन को गिरफ्तार किया था। उस समय पुलिस ने मौके से करीब साढ़े सात किलोग्राम गोमांस, कटाई में इस्तेमाल होने वाले चाकू, अन्य धारदार औजार, लकड़ी का गुटका तथा अन्य सामान बरामद किया था। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग स्थानों से पशु लाकर उनकी अवैध कटाई करते थे और बाद में मांस की सप्लाई करते थे। मामले की जांच आगे बढ़ने पर दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया था। पूछताछ और तफ्तीश के दौरान गांव बांबेपुर निवासी आबिद की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। थाना प्रतापनगर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और इस अवैध गतिविधि से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

