सागर में इंसानियत शर्मसार, सड़क किनारे बैठी गाय के साथ युवक ने की हैवानियत; वीडियो वायरल
सागर, 07 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने मानवता को झकझोर कर रख दिया है। शहर के सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत रामपुरा वार्ड में सोमवार की रात एक युवक ने सड़क किनारे शांति से बैठी एक गाय के साथ अप्राकृतिक कृत्य (दुष्कर्म) किया।
अंधेरे का फायदा उठाकर युवक इस घिनौनी वारदात को अंजाम दे रहा था, लेकिन वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया। मंगलवार को यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोगों में भारी आक्रोश है।
जैसे ही यह शर्मनाक वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से गौ रक्षक संगठनों और स्थानीय लोगों तक पहुंचा, हड़कंप मच गया। भारी संख्या में हिंदू संगठन और गौ रक्षक कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। संगठन के सदस्यों का कहना है कि इस तरह की मानसिक विकृति समाज के लिए बड़ा खतरा है और ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
इस संवेदनशील मामले पर प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। सीएसपी ललित कश्यप ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के रामपुरा वार्ड का है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने संज्ञान लिया है और अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

