पारिवारिक जमीन विवाद में चचेरे भाई की हत्या,बीच बचाव करने के क्रम में तीन जख्मी
सहरसा, 11 सितंबर (हि.स.)।
जिले के नवहट्टा नगर पंचायत के बालू टोला में पैतृक जमीन के पुराने विवाद में गुरुवार की रात चचेरे भाई ने दो दंपतियों पर चाकू से हमला कर जख्मी कर दिया।
वारदात में 26 वर्षीय नीतीश महतो की मौत हो गई। जबकि उनकी पत्नी समेत तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जख्मी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। मृतक के बड़े भाई शंकर महतो के अनुसार गुरुवार की रात घर के बाहर नाले का गंदा पानी फेंकने को लेकर उसकी मां और छोटे भाई नीतीश के बीच विवाद हो गया। शंकर ने मां को समझाकर वहां से हटा दिया।
इसी दौरान उनका चचेरा भाई मिथुन हाथ में चाकू लेकर वहां पहुंच गया और नीतीश को जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद दोनों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान मिथुन ने नीतीश के दाहिने कंधे पर चाकू से वार कर दिया। नीतीश की पत्नी नीलम, बड़े भाई शंकर और भाभी चंपा बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। इसी क्रम में तीन लोग जख्मी हो गए।चाकू के हमले में शंकर महतो के बाएं कंधे, चंपा देवी की पीठ और नीलम देवी के कंधे पर चोट लगी। परिजन सभी घायलों को आनन-फानन में सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।इलाज के दौरान देर रात में नीतीश महतो की मौत हो गई। अन्य तीन घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
मृतक के पिता राजेंद्र महतो ने बताया कि उनके भाई नुनूलाल महतो के साथ पैतृक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते वह कई साल पहले परिवार के साथ मधेपुरा जिले के खड़ा बुधमा स्थित ससुराल चले गए थे और वहां मजदूरी करने लगे थे।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

