चचेरे भाई पर चाकू से हमला करने वाला गिरफ्तार, भेजा गया जेल
कानपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। जाजमऊ थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान अपने चचेरे भाई पर चाकू से जानलेवा हमला करने के आरोपित को पुलिस ने साेमवार काे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।
थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि रविवार को नई बस्ती क्षेत्र में दो पक्षों के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। इसी दौरान अनीश ने बीच-बचाव का प्रयास किया, जिससे नाराज होकर उसके चचेरे भाई रेहान उर्फ मुन्तन ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में अनीश के बाएं हाथ के नीचे गहरा घाव हो गया। पहले उसे कांशीराम अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद घायल के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू की। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपित पहले भी चाकूबाजी की घटनाओं में शामिल रह चुका है। पुलिस के अनुसार, उसने अधिक नशे की हालत में अपना मानसिक संतुलन खो देने की बात भी स्वीकार की है।
आगे उन्होंने बताया कि आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

