राजगढ़ः अवैध हाथ भट्टी शराब के मामले में पति-पत्नी को 2-2 साल की सजा, एक लाख रुपये जुर्माना
राजगढ़, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में पदस्थ न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी मीनू पचैरी दुबे की अदालत ने अवैध हाथ भट्टी शराब बनाने और बेचने के मामले में पति-पत्नी को दो-दो साल के सश्रम कारावास की सजा और दोनों पर 50-50 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया है। जुर्माना नहीं भरने पर उन्हें एक-एक माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।
प्रकरण में शासन की ओर से पैरवी कर रही सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी स्वर्णलता यादव ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि 4 जुलाई 2026 को नरसिंहगढ़ थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल पर अवैध शराब लेकर ग्राम मूंडली से नरसिंहगढ़ तरफ जा रहा है। पुलिस ने नरसिंहगढ़ बायपास स्थित मूंडली जोड़ पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बाइक चालक महिला और मोटरसाइकिल को मौके पर छोड़कर झाड़ियों की तरफ भाग गया। पुलिस ने बाइक पर रखी दो प्लास्टिक की केन की जांच की तो उनमें 40-40 लीटर कच्ची शराब भरी मिली। मौके पर पकड़ी गई महिला ने अपनी पहचान गायत्रीबाई (40) निवासी छोटा बैरसिया कंजरा डेरा के रूप में बताई। उसने फरार व्यक्ति को अपना पति रामू कंजर (43) बताया। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर शराब और बाइक जब्त की। बाद में 11 जुलाई को रामू को भी गिरफ्तार किया गया। 14-14 मामले बने सजा का आधार विचारण के दौरान अभियोजन पक्ष ने साक्ष्य और गवाह प्रस्तुत किए। आरोपितों की पुरानी आपराधिक पृष्ठभूमि और अपराध की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने दोनों को दो-दो साल के सश्रम कारावास और कुल एक लाख रुपये अर्थदंड से दंडित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

