home page

यमुनानगर:सेशन कोर्ट अकाउंटेंट ने नहर में कूदकर की आत्महत्या

 | 

यमुनानगर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। यमुनानगर में शनिवार को एक दुखद घटना सामने आई, जहां सेशन कोर्ट में कार्यरत अकाउंटेंट ने मानसिक तनाव के चलते नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से न्यायिक परिसर और स्थानीय क्षेत्र में शोक का माहौल है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान लगभग 55 वर्षीय सुरेश कुमार के रूप में हुई है। वह लंबे समय से न्यायालय में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाल ही में कार्यालयीन लेनदेन से जुड़ी एक त्रुटि के कारण उन्हें विभागीय नोटिस जारी किया गया था, जिसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान बताए जा रहे थे। परिजनों के अनुसार घटना से ठीक पहले उन्होंने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल कर नहर में कूदने की बात कही। सूचना मिलते ही परिवार और स्थानीय लोग तुरंत फतेहपुर पुल की ओर पहुंचे तथा पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम, गोताखोरों और बचाव दल ने पश्चिमी यमुना नहर में सर्च अभियान शुरू किया। पुल के पास मृतक की बाइक लावारिस हालत में खड़ी मिली, जिससे आशंका और गहरी हो गई। करीब एक घंटे तक चले अभियान के बाद गोताखोरों ने शव को पानी से बाहर निकाला।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर भिजवा दिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और सहकर्मियों से पूछताछ की जा रही है। मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और अन्य परिस्थितिजन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि मृतक के दोनों बेटे विदेश में रहते हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में शोक की लहर है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार